श्रीगंगानगर। जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित नशामुक्त श्रीगंगानगर अभियान को प्रभावी जनअभियान बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में नार्को कोर्डिनेशन सेंटर तंत्र की जिला स्तरीय कमेटी की बैठक हुई। इसमें जिले में नशे की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला कलक्टर ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाए। उन्होंने मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी पर लगातार निगरानी रखने तथा इनके कारोबार में संलिप्त रहने वालों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश पुलिस, स्वास्थ्य एवं औषधि नियंत्रक विभाग को दिए। नशे से प्रभावित क्षेत्र चिन्हित कर समुचित कार्रवाई करने के निर्देश देत हुए उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित नशामुक्त क्षेत्रों को भी चिन्हित कर उन्हें नशामुक्त श्रीगंगानगर अभियान में सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
औषधि नियंत्रक विभाग को मेडिकल स्टोर्स पर संवेदनशील दवाओं की नियमित जांच करने तथा सीसीटीवी कैमरों, स्टॉक रजिस्टर एवं बिक्री रिकॉर्ड का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिला कलक्टर द्वारा शिक्षण एवं स्वास्थ्य संस्थानों के आसपास तम्बाकू तथा नशे में प्रयुक्त होने वाली अन्य वस्तुओं की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
जिला कलक्टर ने कहा कि नशामुक्त श्रीगंगानगर अभियान में युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी एवं जागरूकता को विशेष प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के साथ उन्हें खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया। सभी विभागों को अभियान के तहत कार्ययोजना तैयार क नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में नशा मुक्ति केंद्रों एवं संबंधित संस्थानों के रिकॉर्ड का नियमित सत्यापन और मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिला कलक्टर ने कहा कि नशे की समस्या से प्रभावित लोगों को उपचार, परामर्श एवं पुनर्वास की सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जाएं।
जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने आमजन से अपील की कि नशे के अवैध कारोबार, बिक्री अथवा तस्करी से संबंधित जानकारी तत्काल पुलिस एवं प्रशासन तक पहुंचाएं। इसके लिए जिला पुलिस के व्हाट्सएप नंबर 8764513201 तथा जिला प्रशासन की हेल्पलाइन 9351504313 पर सूचना दी जा सकती है। नशे से संबंधित मानसिक अथवा व्यवहारिक समस्याओं के लिए टेली मानस हेल्पलाइन 1800-89-14416 एवं 14416 पर निःशुल्क परामर्श उपलब्ध है। नशामुक्ति हैल्पलाइन 14446 का भी उपयोग किया जा सकता है। बैठक में श्रीगंगानगर एसडीएम नयन गौतम, डॉ. मुकेश मेहता, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक वीरेन्द्रपाल सिंह, अरविंदर सिंह, डॉ. अशोक अरोड़ा, सीमा तनन, जयप्रकाश शर्मा, चरणजीत सिंह, महावीर मीणा, आदराम, संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे जबकि एनसीबी अधिकारी वीसी से जुड़े।

नशामुक्त श्रीगंगानगर अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश
ram


