चित्तौड़गढ़। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू के निर्देश पर नगर परिषद आयुक्त रविन्द्र यादव ने शहर के विभिन्न पार्कों एवं प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पार्कों में स्वच्छता, विद्युत एवं स्ट्रीट लाइट, घास कटिंग सहित सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता से करवाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पार्कों में नियमित साफ-सफाई, घास की कटिंग, खराब लाइटों को दुरुस्त करने तथा आवश्यकता के अनुसार नए विद्युत पोल एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शहर के प्रमुख मार्गों पर रंग-रोगन करवाकर शहर को आकर्षक एवं व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के निर्देश दिए।
राजीव गांधी पार्क में आमजन की सुविधा के लिए नई बेंच लगाने तथा बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए लाइटें लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं नेहरू पार्क में आमजन एवं विद्यार्थियों के लिए ओपन लाइब्रेरी विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान भीलवाड़ा बायपास मार्ग पर पौधरोपण करवाने तथा स्ट्रीट लाइट के पोल को तिरंगा थीम पर रंग-रोगन करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही शहर की दीवारों पर आकर्षक वॉल पेंटिंग के माध्यम से विभिन्न प्रकार की कलाकृतियां उकेरने पर भी जोर दिया गया, जिससे शहर के प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण हो सके। नगर परिषद आयुक्त रविन्द्र यादव ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्वक पूरा किया जाए तथा पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों की नियमित देखरेख सुनिश्चित की जाए।

विधायक एवं जिला कलक्टर के निर्देश पर शहर के पार्कों एवं प्रमुख मार्गों का निरीक्षण
ram


