भारतीय कंपनियां कारोबार वृद्धि के लिए तेजी से एआई और डिजिटल मॉडल में कर रहीं निवेश

ram

नई दिल्ली। भारतीय कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डिजिटल मॉडल में तेजी से निवेश कर रही हैं। बढ़ती लागत और वैश्विक व्यापार में जारी अनिश्चितताओं के बावजूद कंपनियां व्यापार वृद्धि को गति देने और अपनी मजबूती बढ़ाने के लिए अपने कामकाज के तौर-तरीकों में बदलाव कर रही हैं। यह जानकारी शुक्रवार को जारी एक रिपोर्ट में दी गई। एचएसबीसी इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, भारत की 81 प्रतिशत कंपनियों को उम्मीद है कि टेक्नोलॉजी में निवेश से उनके उत्पादों और सेवाओं की मांग बढ़ेगी। वहीं, वैश्विक स्तर पर ऐसा मानने वाली कंपनियों का आंकड़ा 70 प्रतिशत है।
रिपोर्ट में कहा गया कि टेक्नोलॉजी से जुड़े खर्च को लागत का एक प्रमुख कारक माना गया है। सर्वेक्षण में शामिल 52 प्रतिशत कंपनियों ने टेक्नोलॉजी और आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश का जिक्र किया, जबकि 46 प्रतिशत कंपनियों ने एआई से जुड़े निवेश को प्रमुख लागत कारक बताया। ये दोनों आंकड़े वैश्विक औसत क्रमशः 36 प्रतिशत से अधिक हैं।
भारत की 93 प्रतिशत कंपनियां व्यापार से जुड़े कम से कम एक कामकाज में एआई का इस्तेमाल कर रही हैं, जबकि वैश्विक स्तर पर यह आंकड़ा 85 प्रतिशत है। वहीं, भारत की 94 प्रतिशत कंपनियों ने एआई टूल अपना लिए हैं या उन्हें अपनाने की योजना बना रही हैं।
करीब 71 प्रतिशत कंपनियों ने तीसरे पक्ष के एआई समाधानों को खरीदा या अपनी जरूरत के अनुसार उनमें बदलाव किया है। वैश्विक स्तर पर यह आंकड़ा 60 प्रतिशत है।
रिपोर्ट में कहा गया, “कंपनियां ग्राहक सेवा और बिक्री सहायता से लेकर अनुपालन और सप्लाई चेन की निगरानी तक व्यापार से जुड़े कई कामकाज में एआई का इस्तेमाल कर रही हैं। इसमें कहीं मानव निगरानी के साथ एआई का उपयोग किया जा रहा है, तो कहीं एआई एजेंट पूरी प्रक्रिया को स्वतंत्र रूप से संचालित कर रहे हैं।”
एचएसबीसी के भारत और दक्षिण एशिया में ग्लोबल ट्रेड सॉल्यूशंस के प्रबंध निदेशक एवं प्रमुख मोहित अग्रवाल ने कहा, “बदलते लागत परिवेश का प्रबंधन करते हुए टेक्नोलॉजी में निवेश के जरिए भारतीय कंपनियां अपनी मजबूती दिखा रही हैं। एआई व्यापार संचालन में व्यापक बदलाव का हिस्सा बन रहा है, जिससे कंपनियों को अपने कारोबारी मॉडल में बदलाव करने और विकास के नए अवसर तलाशने में मदद मिल रही है।”
अग्रवाल ने कहा कि इसके साथ ही विविधीकरण, सप्लाई चेन में बदलाव और वित्तपोषण की मजबूत रणनीतियां कंपनियों की मजबूती बढ़ाने और नकदी प्रवाह को सुरक्षित रखने के लिए महत्वपूर्ण बनी हुई हैं।
व्यापार से जुड़ी अनिश्चितताओं के बावजूद कंपनियों का भरोसा मजबूत बना हुआ है। भारत की करीब 89 प्रतिशत कंपनियों को अगले दो वर्षों में अंतरराष्ट्रीय व्यापार बढ़ने की उम्मीद है, जबकि वैश्विक स्तर पर यह आंकड़ा 86 प्रतिशत है।
इनमें से 57 प्रतिशत कंपनियों ने खुद को लेकर ‘बेहद आश्वस्त’ होने की बात कही। यह वैश्विक औसत 39 प्रतिशत से काफी अधिक है।
सर्वेक्षण में शामिल भारत की करीब 99.5 प्रतिशत कंपनियां कम से कम एक मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) का इस्तेमाल कर रही हैं, जबकि वैश्विक स्तर पर यह आंकड़ा 95 प्रतिशत है। हालांकि, भारत की 97 प्रतिशत कंपनियों ने एफटीए का अधिक इस्तेमाल करने में बाधाओं को स्वीकारा। वैश्विक स्तर पर ऐसी कंपनियों का आंकड़ा 92 प्रतिशत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *