हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रदर्शनी का शुभारंभ

ram

चित्तौड़गढ़। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक जिलेभर में आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंगलवार को नगर परिषद में जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी का शुभारंभ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने फीता काटकर किया।

इस अवसर पर विधायक चंद्रभान सिंह आक्या एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रभक्ति, तिरंगे के गौरव तथा देश के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े विभिन्न चित्रों एवं सामग्री का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान से परिचित कराने के साथ ही राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करते हैं।

प्रदर्शनी के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद विनय पाठक, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र यादव, गौरव त्यागी, ओम प्रकाश शर्मा, सहायक निदेशक तुलसीराम कंडारा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रदर्शित सामग्री का अवलोकन किया। प्रदर्शनी के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन के महत्वपूर्ण प्रसंगों, देश के वीर सपूतों के योगदान तथा तिरंगे के गौरव से जुड़ी जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।

आमजन के लिए खुली रहेगी प्रदर्शनी

नगर परिषद में आयोजित यह प्रदर्शनी 13 अगस्त बुधवार को शाम 5 बजे तक आमजन के अवलोकन के लिए खुली रहेगी। जिला प्रशासन ने आमजन, युवाओं एवं विद्यार्थियों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *