राजस्थान में अर्नब चक्रवात का असर : 28 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, तापमान में गिरावट से बढ़ी ठंडक

ram

जयपुर। राजस्थान में अर्नब चक्रवात के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 28 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। लगातार बादल छाने, बारिश होने और सर्द हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आई है। इसके चलते कई इलाकों में ठंडक बढ़ गई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

राजधानी जयपुर में गुरुवार दोपहर से रुक-रुककर बारिश हो रही है। टोंक रोड, गोपालपुरा, मालवीय नगर, जगतपुरा, अजमेरी गेट और कलेक्ट्रेट सहित कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। जयपुर के कुछ हिस्सों में ओले गिरने की भी सूचना है। बारिश और ठंडी हवा के कारण शहर के मौसम में बदलाव महसूस किया जा रहा है।

पिछले 24 घंटों के दौरान करौली, भरतपुर, धौलपुर, अलवर, दौसा, सवाई माधोपुर, भीलवाड़ा, अजमेर, नागौर और टोंक सहित कई जिलों में बारिश हुई। अलवर में सुबह से रुक-रुककर बरसात का दौर जारी रहा, जबकि उदयपुर में बादल छाए रहने से मौसम सुहावना हो गया। सीकर, अजमेर और अन्य जिलों में भी तापमान गिरने से ठंडक बढ़ी है।

मौसम में आए बदलाव का असर प्रदेश के तापमान पर भी दिखाई दे रहा है।

बारिश और बादलों के कारण राज्य के 20 जिलों में अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ गई। कई स्थानों पर दिन का तापमान 30 डिग्री से नीचे पहुंच गया। जयपुर में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जबकि अजमेर में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री रहा। बाड़मेर 35.8 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म स्थान रहा।

वहीं, न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। कुछ स्थानों पर रात के तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है। सीकर में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जिससे सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ गया।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को जयपुर, जोधपुर, कोटा, सीकर और प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम सक्रिय रह सकता है। कई जिलों के लिए पीले और नारंगी चेतावनी जारी की गई है। तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *