विकसित भारत जन सेवा शिविर में मौके पर मिली योजनाओं की सौगात

ram

श्रीगंगानगर। विकसित भारत जन सेवा अभियान-2026 के तहत आयोजित शिविर आमजन के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ घर के नजदीक उपलब्ध करवाने और पात्र लाभार्थियों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। पंचायत समिति पदमपुर एवं श्रीकरणपुर में आयोजित शिविरों में भी पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

शौचालय निर्माण के लिए मिली ₹12 हजार की प्रोत्साहन राशि

पंचायत समिति पदमपुर में आयोजित शिविर में ग्राम 23 बीबी निवासी सरस्वती पत्नी रामकुमार ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की प्रोत्साहन राशि के लिए आवेदन किया। शिविर में आवेदन पर तत्काल कार्यवाही करते हुए लाभार्थी को ₹12,000 की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की गई। राशि की स्वीकृति मिलने पर सरस्वती ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहीं बालिकाएं

शिविर में महिला अधिकारिता विभाग एवं राजस्थान नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (RKCL) के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को कौशल सामर्थ्य अभियान के तहत निःशुल्क आरएससीआईटी (RSCIT) कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। आधुनिक तकनीकी युग में कंप्यूटर का आधारभूत ज्ञान रोजगार एवं सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में उपयोगी है। ऐसे में यह प्रशिक्षण बालिकाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल है।

निःशुल्क RSCIT प्रशिक्षण से लाभान्वित हो रही बालिकाओं जेसमीन, जसप्रीत कौर, अनुराधा एवं ज्योति ने प्रशिक्षण को अपने लिए उपयोगी बताते हुए इसे एक स्वर्णिम पहल बताया तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

मौके पर ₹13 हजार का ब्याजमुक्त ऋण स्वीकृत

पंचायत समिति श्रीकरणपुर में आयोजित विकसित भारत जन सेवा शिविर में ताराचन्द पुत्र सोजा राम एवं कलावन्ती पत्नी राजकुमार ने ऋण के लिए आवेदन किया। शिविर प्रभारी अधिकारी एवं विकास अधिकारी पंचायत समिति श्रीकरणपुर सुशील कुमार डाबला ने प्रकरण पर तत्काल कार्यवाही के लिए सहकारिता विभाग के अधिकारी नरेन्द्र कुमार को निर्देशित किया। विभाग द्वारा मौके पर दोनों लाभार्थियों के लिए ₹13,000 का ऋण स्वीकृत कर चेक प्रदान किए गए। सहकारिता विभाग के कार्मिक द्वारा बताया गया कि यह ऋण ब्याजमुक्त होगा।

ऋण स्वीकृत होने से लाभार्थियों को आर्थिक संबल मिला। मौके पर ही ऋण की स्वीकृति एवं चेक प्राप्त होने पर ताराचन्द एवं कलावन्ती ने खुशी व्यक्त करते हुए विकसित भारत जन सेवा शिविर के आयोजन तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं केंद्र एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *