चूरू। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने मंगलवार को जिला परिषद सभागार में पंचायती राज एवं नगर निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर सभी रिटर्निंग अधिकारियों एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारियों की बैठक लेकर अब तक की निर्वाचन तैयारियों एवं गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। जिला निर्वाचन अधिकारी सुराणा ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराना सभी अधिकारियों की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक कार्य में आपसी समन्वय रखें तथा प्रकोष्ठ के कार्य तथा रिटर्निंग के स्तर पर होने वाले सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किये जाएं। सभी अधिकारी प्रत्येक गतिविधि को लेकर सतर्कता बरतें तथा राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के बारे में स्पष्टता रखें। उन्होंने रिटर्निंग अधिकारियों से कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया एवं प्रावधानों के अनुरूप सभी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। मतदान केन्द्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, कार्मिकों की तैनाती एवं प्रशिक्षण सहित सभी व्यवस्थाओं का समय रहते परीक्षण करें तथा कोई कमी हो तो तत्काल दूर किया जाए। सुराणा ने कहा कि निर्वाचन से संबंधित किसी भी सूचना अथवा समस्या का तत्काल संज्ञान लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही, सभी प्रकोष्ठ प्रभारी आपस में निरंतर समन्वय बनाए रखें ताकि निर्वाचन कार्यों के संचालन में कोई परेशानी न हो।
उन्होंने बैठक में मतदाता सूची, मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाओं, मतदान दलों के गठन एवं प्रशिक्षण, ईवीएम, मतगणना स्थल प्रबंधन, निर्वाचन सामग्री, कार्मिक प्रबंधन, कानून-व्यवस्था, परिवहन, संचार व्यवस्था तथा अन्य निर्वाचन संबंधी तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की तथा संबंधित प्रभारियों से उनके-अपने प्रकोष्ठों की गतिविधियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने निर्वाचन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।
एडीएम अर्पिता सोनी ने बैठक कार्यवाही का संचालन करते हुए सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों के दायित्वों, रिटर्निंग अधिकारियों को समुचित व्यवस्था प्रबंधन तथा राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों की जानकारी दी।
सीईओ श्वेता कोचर ने स्वीप और मतदाता जागरूकता गतिविधियों व प्रकोष्ठ दायित्वों की जानकारी दी।
इस दौरान सुजानगढ़ एडीएम संतोष कुमार मीना, एसीईओ भागचंद खारिया, चूरू एसडीएम धीरज झाझड़िया, रतनगढ़ एसडीएम मिथिलेश, सुजानगढ़ एसडीएम ओमप्रकाश वर्मा, बीदासर एसडीएम अमीलाल यादव, राजगढ़ एसडीएम मनोज खेमादा, तारानगर एसडीएम प्रियंका कड़ेला, सरदारशहर एसडीएम महिपाल राजावत सहित सभी प्रकोष्ठ प्रभारी, रिटर्निंग अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे ।



