कॉकरोच से क्रांति तक : सोशल मीडिया पर युवाओं का डिजिटल विद्रोह

ram

-सुनील कुमार महला
हमारे देश में इन दिनों ‘कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी)’ नाम सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है। यह चर्चा इतनी तेज़ी से बढ़ी कि इसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगभग 1 करोड़ से 2.2 करोड़ (10–22 मिलियन) तक फॉलोअर्स पहुंचने के दावे किए जाने लगे। हालांकि, अलग-अलग समय पर अलग-अलग आंकड़े सामने आए, क्योंकि यह अभियान बेहद तेजी से वायरल हुआ। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, एक्स (पूर्व ट्विटर) पर इससे जुड़े अकाउंट ने कुछ ही दिनों में लगभग दो लाख से अधिक फॉलोअर्स हासिल कर लिए थे। बाद में उस अकाउंट पर प्रतिबंध अथवा विदहेल्ड किए जाने की खबरों ने भी इस मामले को और अधिक चर्चित बना दिया। बहरहाल, यहां पर पाठकों को यह बताना आवश्यक है कि इस पूरे विवाद की शुरुआत उस कथित टिप्पणी से जुड़ी मानी गई, जिसे भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत से संबंधित बताया गया। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट में एक सुनवाई के दौरान उन्होंने कथित रूप से यह कहा था कि कुछ लोग फर्जी डिग्रियों के सहारे वकालत, मीडिया और अन्य प्रतिष्ठित क्षेत्रों में प्रवेश कर जाते हैं तथा ‘कॉकरोच’ और ‘पैरासाइट्स’ (परजीवी) की तरह व्यवस्था को नुकसान पहुंचाते हैं। इसके बाद मीडिया और सोशल मीडिया पर यह बात तेजी से फैल गई कि उन्होंने बेरोजगार युवाओं को ‘कॉकरोच’ कहा है। हालांकि, बाद में सीजेआई सूर्यकांत ने इस पर सफाई देते हुए यह बात कही कि उनकी टिप्पणी को गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया गया। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि उनका निशाना देश के युवा या बेरोजगार वर्ग नहीं थे, बल्कि वे लोग थे जो ‘फेक’ और ‘बोगस’ डिग्रियों के माध्यम से प्रतिष्ठित पेशों में प्रवेश करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय युवाओं के प्रति उनके मन में पूरा सम्मान है और मीडिया ने उनकी मौखिक टिप्पणी को संदर्भ से हटाकर प्रस्तुत किया। लेकिन तब तक यह मामला सोशल मीडिया पर एक बड़े मुद्दे का रूप ले चुका था। विरोध और व्यंग्य के प्रतीक के रूप में युवाओं ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी)’ नाम से ऑनलाइन अभियान शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। यहां यह स्पष्ट करना भी आवश्यक है कि यह कोई वास्तविक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि इंटरनेट और सोशल मीडिया पर चलने वाला एक व्यंग्यात्मक अभियान माना जा रहा है। हजारों युवाओं ने इसी नाम से मीम्स, पोस्टर, काल्पनिक घोषणापत्र, चुनाव चिह्न और नारे बनाकर साझा करने शुरू कर दिए। कई पोस्टों में बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, नौकरी की कमी, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, महंगाई, भ्रष्टाचार और सरकारी व्यवस्थाओं पर तीखे कटाक्ष किए गए।

युवाओं ने इस अभियान को इस रूप में प्रस्तुत किया कि यदि व्यवस्था उन्हें ‘कॉकरोच’ समझती है, तो वे उसी पहचान को व्यंग्यात्मक शक्ति में बदल देंगे। यही कारण रहा कि यह अभियान बहुत तेजी से वायरल हुआ और लाखों लोगों तक पहुंच गया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ से जुड़े पोस्ट और अकाउंट तेजी से फैलने लगे। कुछ अकाउंट्स पर कार्रवाई अथवा प्रतिबंध की खबरों ने भी इस मुद्दे को और अधिक चर्चा में ला दिया। कई लोगों ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और युवाओं की हताशा की आवाज बताया, जबकि कुछ ने इसे सोशल मीडिया का अतिशयोक्तिपूर्ण ट्रेंड माना। मामला तब और अधिक चर्चित हो गया, जब इस विषय पर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर होने और अदालत में चर्चा होने की खबरें सामने आईं। दरअसल, यह पूरा घटनाक्रम इस बात का संकेत है कि आज का युवा वर्ग अपनी बात केवल भाषणों और पारंपरिक आंदोलनों के माध्यम से ही नहीं, बल्कि मीम्स, व्यंग्य और डिजिटल अभियानों के जरिए भी प्रभावशाली ढंग से रख रहा है। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ इसी नई इंटरनेट संस्कृति का एक उदाहरण बनकर उभरी, जहां एक विवादित शब्द देखते ही देखते सामाजिक और राजनीतिक असंतोष का बड़ा प्रतीक बन गया।

यह घटना यह भी दर्शाती है कि सोशल मीडिया अब केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि जनभावनाओं, विरोध और सामाजिक बहसों का एक शक्तिशाली मंच बन चुका है। बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और वास्तविक मुद्दों की अनदेखी ने युवाओं के भीतर गहरा असंतोष पैदा किया है। यही असंतोष अब डिजिटल अभियानों और व्यंग्य के रूप में सामने आ रहा है। इतिहास इस बात का साक्षी है कि जब समाज में असंतोष बढ़ता है, तब उसकी पहली अभिव्यक्ति अक्सर व्यंग्य के रूप में सामने आती है, और ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ उसी बदलते सामाजिक माहौल का एक बड़ा संकेत बनकर उभरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *