जैतारण में आधुनिक हॉकी टर्फ एवं हॉकी खेल अकादमी का शिलान्यास संपन्न

ram

जयपुर। राजस्थान सरकार की खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तहत ब्यावर के जैतारण में आधुनिक हॉकी टर्फ एवं हॉकी खेल अकादमी परियोजना का भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह रविवार को आयोजित किया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री अविनाश गहलोत ने विधिवत भूमि पूजन कर परियोजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री अविनाश गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को खेलों के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री श्री गहलोत ने कहा कि लगभग 10 वर्ष पूर्व एक खिलाड़ी की दृष्टि से उन्होंने जैतारण क्षेत्र में आधुनिक हॉकी टर्फ और खेल अकादमी स्थापित करने का सपना देखा था। आज उस सपने को साकार होते देख उन्हें अत्यंत प्रसन्नता और संतोष का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना उनका संकल्प रहा है। इस परियोजना के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को अपने क्षेत्र में ही उच्च स्तरीय प्रशिक्षण एवं आधुनिक खेल अधोसंरचना उपलब्ध होगी, जिससे वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। जैतारण में आधुनिक हॉकी टर्फ एवं खेल अकादमी की स्थापना से क्षेत्र के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सशक्त मंच मिलेगा। कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त श्री शक्ति सिंह राठौड़, जिला कलेक्टर श्री कमल राम मीना, पुलिस अधीक्षक श्री रतन सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री ब्रह्म लाल जाट, हॉकी राजस्थान संघ के अध्यक्ष श्री अरुण कुमार सारस्वत, नारायण नाथ जी महाराज रास, सुंदरदास जी महाराज, हरिराम जी महाराज, भगतराम शास्त्री सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। संभागीय आयुक्त श्री शक्ति सिंह राठौड़ ने कहा कि जैतारण में आधुनिक हॉकी टर्फ एवं खेल अकादमी की स्थापना से ग्रामीण अंचल के खिलाड़ियों को अपने क्षेत्र में ही उच्च स्तरीय प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा खेल अधोसंरचना के विकास के लिए किए जा रहे प्रयास प्रदेश के युवाओं को नई पहचान देने में सहायक सिद्ध होंगे। यह परियोजना क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी। जिला कलेक्टर श्री कमल राम मीना ने बताया कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का सशक्त साधन है। बजट वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जैतारण क्षेत्र में हॉकी खेल अकादमी की स्थापना हेतु युवा मामले एवं खेल विभाग द्वारा 8 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी की गई है। राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद, जयपुर द्वारा आधुनिक सिंथेटिक हॉकी टर्फ निर्माण के लिए कार्यादेश जारी किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि परियोजना के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ के मानकों के अनुरूप सिंथेटिक हॉकी टर्फ का निर्माण किया जाएगा। साथ ही ड्रेनेज सिस्टम, भूमिगत जल टैंक, पम्प रूम, ट्यूबवेल, परिधि दीवार, चैन लिंक फेंसिंग, विद्युत व्यवस्था, पाइपलाइन तथा खिलाड़ियों के लिए डगआउट सहित आवश्यक खेल अधोसंरचना विकसित की जाएगी। परियोजना की स्वीकृत लागत ₹6 करोड़ 59 लाख 10 हजार 354 निर्धारित की गई है तथा कार्य पूर्ण करने की अवधि 12 जनवरी 2027 तक तय की गई है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि हॉकी अकादमी की स्थापना से क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाड़ियों को व्यवस्थित प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं तथा खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। इससे जैतारण एवं आसपास के क्षेत्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा प्राप्त होगी। जिला खेल अधिकारी श्री दिनेश चौधरी ने परियोजना की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि यह अकादमी भविष्य में क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने परियोजना को क्षेत्र के खेल विकास के लिए ऐतिहासिक पहल बताते हुए इसके सफल क्रियान्वयन की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *