नवरात्र के पहले दिन करणी माता के दरबार पहुंचे वन मंत्री संजय शर्मा, देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना

ram

अलवर। नवरात्र के पहले दिन राजस्थान के वन मंत्री संजय शर्मा ने अलवर के बाला किला स्थित प्रसिद्ध करणी माता मंदिर पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और आरती में भाग लेकर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं भी दीं। वन मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि पहाड़ों के बीच स्थित करणी माता मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। नवरात्र के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता रानी के दर्शन करने पहुंचते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर और आसपास के प्राकृतिक क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा पॉलिथीन का उपयोग करने से बचने की अपील की। संजय शर्मा ने बताया कि करणी माता मंदिर के आसपास के वन क्षेत्र में ST-02 बाघिन अपने दो शावकों के साथ विचरण कर रही है। ऐसे में श्रद्धालुओं और आमजन को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से वन विभाग और जिला प्रशासन की ओर से निर्धारित रास्तों का ही उपयोग करने तथा प्रतिबंधित वन क्षेत्रों में प्रवेश नहीं करने की अपील की, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके। वन मंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने के साथ प्राकृतिक संपदा और वन्यजीवों की सुरक्षा भी हम सभी की जिम्मेदारी है। श्रद्धालुओं के सामूहिक सहयोग से मंदिर परिसर को स्वच्छ रखने और वन्यजीवों के सुरक्षित विचरण के लिए अनुकूल वातावरण बनाए रखने में मदद मिल सकती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से नवरात्र के दौरान धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीव सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *