सेहत से खिलवाड़ करने वाले खाध पैकेट पर खतरे की जानकारी देनी होंगी

ram

हमारे देश में बच्चे और युवा आजकल बीमारियां बढ़ाने वाले खाध पदार्थों का सेवन धड़ल्ले से कर रहे है। उन्हें इस बात की कोई चिंता नहीं है कि ये खाध पदार्थों के पैकेट आप की सेहत के लिए कितने खतरनाक है। देश की सर्वोच्च अदालत ने खानपान के इस बदले स्वरुप पर अपनी चिंता जाहिर करते हुए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण को निर्देश दिए है कि ऐसे खाद्य पैकेटों पर तस्वीर के साथ हाई शुगर, हाई साल्ट या हाई फैट सम्बन्धी चेतावनी लिखनी अनिवार्य होगी। सुप्रीम कोर्ट ने यह निर्देश भी दिए है कि चीनी, नमक और फैट के लिए अलग अलग छह कोनो वाला बॉक्सनुमा निशान बनाकर ही उपभोक्ता को जानकारी दे। इससे जन साधारण को उपयोग से पहले इसके खतरनाक परिणामों की जानकारी मिल जाएगी।
यह देखा जाता है इस प्रकार के खाध पदार्थों ने घर घर में अपने पांव पसार लिए है। विशेषकर महानगरों के स्कूल, कालेजों और नौकरी करने वाले अधिकतर युवा अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड्स अथवा फास्ट फूड पर चलते हैं, बल्कि यह कहना ज्यादा उचित होगा कि उन्हें इनका चस्का लगा हुआ है। नतीजा बड़ा ही खौफनाक है। इस फूड खाने के आदी युवा ऐसी बीमारियों के शिकार हो रहे हैं जो बुढ़ापे की बीमारियाँ समझी जाती हैं। बाजार में फूड के नाम पर जो चीजें सहज उपलब्ध हैं, उनमें शर्करा और चर्बी तो होती है, लेकिन प्रोटीन लगभग नदारद होती है। यही नहीं, उनमें पड़ने वाले कृत्रिम नमक और प्रिजर्वेटिव्स स्वास्थ्य के लिए जहर जैसे होते हैं। प्रोटीन की कमी उनमें कितनी ही स्वास्थ्य समस्याएँ पैदा करती हैं। इसमें पोषण की कमी होती है और शरीर के तंत्र के लिए हानिकारक होता है। ज्यादातर अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड उच्च स्तर पर वसा, शुगर, लवणता, और बुरे कोलेस्ट्रॉल से परिपूर्ण होते हैं, जो स्वास्थ के लिए जहर होते हैं। इनमें पोषक तत्वों की कमी होती है इसलिए आसानी से कब्ज और अन्य पाचन संबंधी बीमारियों का कारण बनते हैं।
दुनियाभर में सेहत से खिलवाड़ करने वाले खाद्य पैकेटों और जंक फूड्स के विरोध में आवाज मुखरित होने लगी है। ब्रिटेन ने अपनी आने वाली पीढ़ी की सेहत को ध्यान में रखते हुए जंक फूड्स के विज्ञापनों को लेकर कड़ा कदम उठाने का फैसला किया है। ब्रिटेन ने टीवी और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर जंक फ़ूड के विज्ञापनों पर पूरी तरह रोक लगा दी है। यह प्रतिबंद उन जंक उत्पादों पर लागु होगा जिनमें फैट, नमक और चीनी की मात्रा अधिक होंगी। अंग्रेज सरकार ने अपने इस निर्णय को मोटापे के खिलाफ निर्णायक कदम बताया है।
हमारे देश की बात करे तो जंक फ़ूड पर यहां किसी तरह की रोक नहीं है। विज्ञापनों की भरमार देखी जा सकती है। जंक फूड ने देश के नौनिहालों से लेकर किशोर, युवा और बुजुर्ग तक को अपने आगोश में ले लिया है। तीव्र गति से बढ़ते शहरीकरण, व्यस्त जीवन-शैली और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हो रहे बदलाव ने भारत में लोगों के जीवन-यापन के तरीके को बदल कर रख दिया है। इन बदलावों के फलस्वरूप लोगों ने घर पर खाना पकाने और खाने की आदत में भी बदलाव किया है। महानगरों में में रहने वाले परिवारों की तैयार भोजन, फास्ट फूड और जंक फूड पर निर्भरता ज्यादा ही बढ़ गई है। अब तो इनकी पहुँच घर घर में हो गई है। यह बच्चों के प्रिय नाश्ते में शुमार हो गया है। देखा तो यह गया है पूरा परिवार अल्पाहार में फास्ट फूड का उपयोग करने लगा है। अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड्स को शुगरी ड्रिंक्स, जंक फूड, पैकेज्ड फूड्स आदि विभिन्न नामों से भी जाना जाता है जिसमें खाने के नेचुरल तत्व हटा कर उसे कृत्रिम तत्वों में बदल दिया जाता है।
इसके अलावा देश और दुनिया में जंक या फ़ास्ट फ़ूड फूड का उपभोग दिन प्रति दिन बढ़ता ही जा रहा है, जो भविष्य के लिए अच्छा नहीं है। सभी आयु वर्ग के लोग जंक फूड खाना पसंद करते हैं और आमतौर पर, जब वे अपने परिवार के साथ कुछ विशेष समय, जैसे- जन्मदिन, शादी की सालगिरह, आदि का आनंद लेने के दौरान वे इन्हें ही चुनते हैं। वे बाजार में उपलब्ध जंक फूड की विभिन्न किस्मों जैसेय कोल्ड ड्रिंक, वेफर्स, चिप्स, नूडल्स, बर्गर, पिज्जा, फ्रेंच फ्राईस, चाइनीज खाना आदि का प्रयोग करते हैं।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सेहत से खिलवाड़ करने वाले इन खाध पदार्थों के सेवन के फलस्वरूप विभिन्न बीमारियों के मरीजों की संख्यां करोड़ों में पहुँच गई है। इनमें अकेले डायबिटीज़ और प्री डायबिटीज से पीड़ितों की संख्या 23 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। इसी भांति हाई ब्लड प्रेसर से जूझने वाले लोगों की संख्या 21 करोड़, मोटापा 25 करोड़ और हाई कोलेस्ट्रॉल से पीड़ितों की संख्या भी 21 करोड़ से अधिक हो गई है। कहने का तात्पर्य है इस प्रकार के ज़ंक फ़ूड का सेवन करने वाले बच्चे से बुजुर्ग तक लोग घर घर में मिल जायेंगे। खानपान की यह दूषित आदतें लोगों को मौत के मुंह की ओर धकेल रही है। सुप्रीम कोर्ट का यह आदेश ज्यादा नहीं तो कम से कम लोगों को सावचेत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *