जयपुर। रोजगार गारंटी योजना (ईजीएस) आयुक्त पुष्पा सत्यानी ने मंगलवार को राजस्थान संपर्क पोर्टल (181) के कॉल सेंटर का निरीक्षण कर विभाग से संबंधित परिवादों एवं मांगों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने परिवादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सत्यानी ने बताया कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर अब तक रोजगार गारंटी योजना विभाग से संबंधित कुल 71,964 परिवाद प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 69,164 परिवादों का निस्तारण किया जा चुका है। विभाग द्वारा औसतन 14 दिवस में परिवादों का निस्तारण किया जा रहा है तथा पोर्टल पर 72.88 प्रतिशत संतुष्टि दर दर्ज की गई है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों के परिवादियों से दूरभाष पर वार्ता कर उनकी समस्याओं एवं समाधान की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। भीलवाड़ा के पिंटू, बाँसवाड़ा के महिपाल तथा कोटा की सुनीता ने बताया कि जॉब कार्ड नहीं बनने के संबंध में राजस्थान संपर्क पोर्टल पर परिवाद दर्ज कराने के कुछ ही दिनों में उनकी समस्या का समाधान कर दिया गया। इसी प्रकार सवाई माधोपुर के कांजी मीणा एवं झालावाड़ के धर्मराज ने भी अपनी परिवेदनाओं के समाधान के संबंध में आयुक्त को जानकारी देते हुए राज्य सरकार द्वारा समयबद्ध कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया। सत्यानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल पर प्राप्त होने वाले परिवादों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और जनसेवाओं के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए विभिन्न विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों पर राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) कंट्रोल रूम में उपस्थित होकर परिवादियों से सीधे संवाद कर रहे हैं। इस पहल के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज कराकर उनके शीघ्र समाधान का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

ईजीएस आयुक्त ने किया राजस्थान संपर्क पोर्टल (181) कॉल सेंटर का निरीक्षण-परिवादियों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
ram


