जयपुर। जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (DMHP) जयपुर के जिला नोडल अधिकारी (DNO) डॉ. गजानंद वर्मा के निर्देशन में मंगलवार को आमेर सैटेलाइट अस्पताल में मानसिक स्वास्थ्य आउटरीच कैंप एवं ASHA कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में Psychiatric Nursing Officer श्री संजय मित्तल द्वारा ‘मन दर्पण अभियान-2’ के निर्धारित मॉड्यूल के अनुसार ASHA कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान ASHA कार्यकर्ताओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति समुदाय में जागरूकता बढ़ाने, मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रारंभिक संकेतों की पहचान करने तथा जरूरतमंद व्यक्तियों को समय पर उचित मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के संबंध में जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में तनाव की पहचान एवं तनाव प्रबंधन, मानसिक रोगों के सामान्य लक्षण, संवेदनशील एवं सहानुभूतिपूर्ण संवाद तथा आत्महत्या के चेतावनी संकेतों की पहचान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में ASHA कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा गया कि वे समुदाय के बीच निरंतर कार्य करती हैं और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की प्रारंभिक पहचान, जागरूकता एवं समय पर रेफरल में प्रभावी भूमिका निभा सकती हैं। साथ ही मानसिक रोगों से जुड़े सामाजिक कलंक एवं भ्रांतियों को दूर करने तथा समुदाय तक सही एवं वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर आयोजित मानसिक स्वास्थ्य आउटरीच कैंप में आमजन की मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की स्क्रीनिंग एवं परामर्श किया गया। आवश्यकता के अनुसार मरीजों को उपचार तथा आगे की मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए रेफरल की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
DMHP जयपुर द्वारा ‘मन दर्पण अभियान-2’ के माध्यम से समुदाय स्तर पर मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता को सुदृढ़ करने, मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करने तथा मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच आमजन तक बढ़ाने के उद्देश्य से निरंतर जागरूकता एवं प्रशिक्षण गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।



