जिला क्रीड़ा परिषद की बैठक संपन्न

ram

झालावाड़। जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में जिला क्रीड़ा परिषद की बैठक मंगलवार को श्रीमती विजयाराजे सिंधिया राजकीय खेल संकुल, झालावाड़ में आयोजित की गई। बैठक में जिले के खेल विकास, खेल संकुल की व्यवस्थाओं तथा खिलाड़ियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने को लेकर अनेक निर्णय लिए गए।
खेलों के विकास को लेकर हुई व्यापक चर्चा
बैठक की शुरुआत खेलों के समग्र विकास पर चर्चा से हुई। जिला कलक्टर ने कहा कि जिले में खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि खेलों के ज़रिए युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वास्थ्य की भावना विकसित होती है, अतः उनके लिए उत्कृष्ट ढांचा विकसित किया जाना जरूरी है।
तरणताल संचालन जून से होगा प्रारंभ
जिला खेल अधिकारी कृपाशंकर शर्मा ने जानकारी दी कि खेल संकुल में स्थित तरणताल (स्विमिंग पूल) का संचालन जून माह के प्रथम सप्ताह से शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरान स्वच्छता, सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बैडमिंटन कोर्ट की लाइटिंग व्यवस्था में सुधार
बैठक में बैडमिंटन कोर्ट में उचित रोशनी की आवश्यकता पर जोर दिया गया। इस संबंध में तत्काल प्रभाव से एलईडी लाइट्स को बदलने के निर्देश दिए गए हैं ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वॉकिंग ट्रैक पर वाहनों पर रोक, पार्किंग होगी निर्धारित स्थल पर
जिला कलक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि खेल संकुल के वॉकिंग ट्रैक पर सुबह और शाम किसी भी प्रकार का वाहन चलाता न पाया जाए। उन्होंने कहा कि वॉकिंग ट्रैक केवल पैदल चाल और व्यायाम के लिए है। सभी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा किया जाए। इसके उल्लंघन पर कार्यवाही हेतु जिला खेल अधिकारी को निर्देशित किया गया है।
अतिक्रमण हटाने के निर्देश, प्रवेश द्वार होगा सुगम
बैठक में उपस्थित सदस्यों द्वारा खेल संकुल प्रवेश द्वार पर अतिक्रमण की समस्या को उठाया गया। इस पर जिला कलक्टर ने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रवेश द्वार के आगे लगे ठेले और अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए ताकि खिलाड़ियों और आगंतुकों को प्रवेश में कोई असुविधा न हो।
रोड लाइट कनेक्टिविटी और विद्युत व्यवस्था को किया जाएगा बेहतर
वॉकिंग ट्रैक पर रात के समय भी सुविधाजनक रोशनी सुनिश्चित करने हेतु रोड लाइट्स को कनेक्ट करने और संपूर्ण संकुल में बेहतर विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजीलाल मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हेमराज पारेता, जेवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता विशम्भर सहाय, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता हुकुमचन्द मीणा, नगर परिषद् के आयुक्त नरेन्द्र मीणा, अधिशाषी अभियंता मनीष कुमार, उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय के पूर्व डीन डॉ. मधुसुदन आचार्य, इंटेक के संयोजक राज्यपाल शर्मा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *