जयपुर। सोमवार को जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
जिले में चल रहे टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान पर चर्चा के दौरान निःक्षय पोर्टल पर मरीजों के खाते खुलवाने और भुगतान किए जाने सहितअधिकाधिक निःक्षय मित्र बनाकर अभियान को गति दिए जाने हेतु निर्देशित किया गया।
लाडो प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को किश्तों का भुगतान समय पर किए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही चिकित्सा संस्थान की ओपीडी में आने वाले सभी मरीजों की आभा आईडी बनाने के लिए निर्देश दिए गए पीसीपीएनडीटी कार्यक्रम के अंतर्गत सेंटर्स पर विजिट किए जाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर शपथ कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमे स्वयं तम्बाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने और अन्य व्यक्तियों को भी तम्बाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने हेतु प्रेरित करने की शपथ ली गई।
बैठक में “कतारों से मुक्ति” व “आभा अपनाओ, अपने हैल्थ रिकॉर्ड फोन पर पाओ” संबंधित बैनर/सनबोर्ड/स्टैन्डी क्यू आर कोड सहित चिकित्सा संस्थान के ओपीडी में लगाए जाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एएनसी, पीएनसी एवं प्रसव की रिपोर्ट और लाइनलिस्ट की समीक्षा की गई। साथ ही एमएनडीवाई और एमएनजेवाई योजना, राजश्री योजना, मां वाऊचर योजना, टीकाकरण कार्यक्रम, परिवार कल्याण, जेएसवाय योजना, आरबीएसके सहित अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर चर्चा हुई।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (चतुर्थ) देवेन्द्र कुमार जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (प्रथम) डॉ. रवि शेखावत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (द्वितीय) डॉ. मनीष मित्तल सहित ब्लॉक मुख्य चिकित्साधिकारी, सीएचसी व पीएचसी अधिकारियों सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



