जिला कलक्टर सन्देश नायक ने की जनसुनवाई- सुनीं 114 परिवेदनाएं, 10 फरियादियों को मौके पर ही मिली राहत

ram

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा अनुसार पारदर्शी एवं संवेदनशील वातावरण में आमजन की परिवेदनाओं एवं समस्याओं की सुनवाई एवं त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन नियमित रूप से कृतसंकल्पित होकर कार्य कर रहा है। जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन जिला कलक्टर सन्देश नायक की अध्यक्षता में गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ। इस दौरान जिला कलक्टर ने राजस्व प्रकरणों से जुड़े परिवादों सहित 114 फरियादियों के परिवाद सुने, जिनमें से 10 प्रकरणों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। अन्य प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए कलक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर चौमू विधायक डॉ. शिखा मील बराला भी उपस्थित थीं। जिला स्तरीय जनसुनवाई में कुल 114 प्रकरण प्राप्त हुए जिनमें प्रमुख रूप से अतिक्रमण हटवाने, छात्रवृत्ति, एनएफएसए में नाम जुड़वाने, पेंशन शुरू करवाने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलवाने, पेयजल की सप्लाई सुचारू कराने, पत्थरगढ़ी, कृषि भूमि में आवागमन हेतु रास्ता खुलवाने, सड़क, आवासीय पट्टा, बनवाने नामांतरण जमीन विवाद सहित विभिन्न विषयों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई। जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों का जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आमजन के प्रति जवाबदेही के साथ समस्याओं का निस्तारण करते हुए राहत देने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील रहते हुए प्रकरणों का तथ्यों के आधार पर निस्तारण कराने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि कानूनों, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के अभाव में आमजन आहत है। उन्होंने आमजन के हितार्थ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए हैं। जनसुनवाई में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतिभा वर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) विनीता सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर (द्वितीय) आशीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर (तृतीय) देवयानी सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *