झालावाड़। आगामी मानसून को देखते हुए जिले में सुरक्षा एवं आवश्यक सेवाओं की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी राजकीय अथवा विद्यालय भवन के असुरक्षित होने की आशंका की स्थिति में वहां कार्यालयी अथवा शैक्षणिक गतितिधियों का संचालन नहीं किया जाए तथा इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
सोमवार को मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलक्टर ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि सभी विद्यालय भवनों का पुनः निरीक्षण कर उनकी स्थिति का आकलन किया जाए। यदि कोई भवन जर्जर, क्षतिग्रस्त अथवा असुरक्षित पाया जाता है तो वहां विद्यार्थियों को नहीं बैठाया जाए। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्रों के संबंध में भी निर्देश दिए कि भारी वर्षा अथवा मौसम संबंधी चेतावनी की स्थिति में आवश्यकतानुसार अवकाश घोषित किया जाए।
जिला कलक्टर ने मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए नगर परिषद अधिकारियों को शहर के नदी-नालों की सफाई कराने तथा कचरे के ढेरों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को मानसून के दौरान सांप एवं अन्य जहरीले कीड़ों के काटने की घटनाओं से निपटने के लिए आवश्यक दवाइयों एवं उपचार सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि मानसून के दौरान जिले में निर्बाध पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को कम से कम समय में शिकायतों का निस्तारण करने एवं उसके बाद परिवादियों को संतोषजनक एवं स्पष्ट जवाब देने के निर्देश दिए ताकि आमजन को वास्तविक राहत मिल सके।
उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को बेसहारा पशुओं एवं आवारा श्वानों को पकड़कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। साथ ही जिन राजकीय भवनों के पट्टे जारी हो चुके हैं, उनके संबंधित नगरीय निकाय अथवा ग्राम पंचायत के माध्यम से शीघ्र पंजीयन कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिले में आमजन को उपलब्ध कराई जा रही आवश्यक सेवाओं की गुणवत्ता, सुचारु संचालन एवं समयबद्ध आपूर्ति के साथ साथ विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर अनुराग आर्गत, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भुदयाल मीणा सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



