जिला कलक्टर ने किया उम्मेद राजकीय स्टेडियम का निरीक्षण, 15 अगस्त समारोह की तैयारियों का लिया जायजा

ram

जोधपुर। जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बुधवार को उम्मेद राजकीय स्टेडियम का निरीक्षण कर आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह की स्टेडियम संबंधी तैयारियों एवं स्टेडियम परिसर में उपलब्ध खेल सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) दौलत राम चौधरी, जिला खेल अधिकारी भरत सिंह गुर्जर सहित सार्वजनिक निर्माण विभाग के सिविल एवं विद्युत विंग के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला कलक्टर ने स्टेडियम में प्रस्तावित स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा खिलाड़ियों एवं आमजन के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल अधोसंरचना का नियमित रखरखाव एवं आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता से किए जाएं, ताकि खिलाड़ियों को उच्च गुणवत्ता की सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

मैदान में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने स्टेडियम मैदान में भूमिगत जलभराव की समस्या का अवलोकन किया। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मैदान के समीप स्थित नालियों में एकत्रित जल की प्रभावी निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उच्च क्षमता का मड कटर सीवेज वाटर पंप स्थापित कर उसे मुख्य सीवर लाइन से जोड़ने की कार्यवाही सात दिवस के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे वर्षा के दौरान मैदान में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

खेल अधोसंरचना का किया अवलोकन
जिला कलक्टर ने स्टेडियम परिसर में स्थापित शूटिंग रेंज एवं इंडोर हॉल का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को खेल परिसरों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने तथा खिलाड़ियों की आवश्यकताओं के अनुरूप सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिम्नास्टिक डोम निर्माण में तेजी लाने पर दिया जोर
निरीक्षण के दौरान पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत निर्माणाधीन जिम्नास्टिक डोम का अवलोकन करते हुए रंजन ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल सुविधाओं का शीघ्र संचालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध हो सके।

बॉक्सिंग रिंग के नवीनीकरण एवं गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश
स्टेडियम परिसर में स्थापित बॉक्सिंग रिंग का निरीक्षण करते हुए जिला कलक्टर ने उसके नवीनीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा एवं अभ्यास की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए आवश्यक मरम्मत एवं उन्नयन कार्य शीघ्र कराए जाएं। आलोक रंजन ने स्टेडियम स्थित फुटबॉल अकादमी परिसर में श्यामा प्रसाद मुखर्जी योजना के अंतर्गत कराए जा रहे सिविल निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।

खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेडियम में उपलब्ध सभी खेल सुविधाओं का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए तथा खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, सुरक्षा एवं सुविधाओं से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *