सड़क सुरक्षा को लेकर जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने ली बैठक

ram

झालावाड़। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने की।

पिछली बैठक की समीक्षा और कड़े निर्देश

बैठक में पूर्व बैठक की अनुपालना की समीक्षा करते हुए कलक्टर राठौड़ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए तथा आमजन को लगातार जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाना, बिना हेलमेट या लाइसेंस के वाहन चलाना तथा ओवरलोडिंग जैसी लापरवाहियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

दुर्घटना का विश्लेषण और जिम्मेदारी तय करने के निर्देश

कलक्टर राठौड़ ने कहा कि प्रत्येक सड़क दुर्घटना की गंभीरता से जांच कर उसका विश्लेषण किया जाए ताकि कारणों की स्पष्ट पहचान हो सके। उन्होंने निर्देश दिए कि दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस तत्काल निरस्त किए जाएं और कठोर दण्डात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। बैठक में पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक ने बताया कि पिछले एक महीने में झालावाड़ शहर में 122 से अधिक बेसहारा पशुओं को नगर परिषद् के सहयोग से गौशाला पहुंचाया है। ये अभियान आगे भी चलेगा जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

राज्य सरकार की प्राथमिकता: सड़क सुरक्षा

जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार सड़क सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं इस विषय पर अत्यधिक संवेदनशील हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक दुर्घटना के लिए उत्तरदायित्व तय किया जाएगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्यमंत्री आयुष्मान जीवन रक्षा योजना के तहत सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाने वालों को प्रोत्साहन देने के निर्देश भी दिए गए। जिला कलक्टर ने कहा कि ‘गोल्डन आवर’ (दुर्घटना के बाद का पहला घंटा) में उचित उपचार न मिलने के कारण कई लोगों की जान चली जाती है। ऐसे में राहगीर द्वारा घायलों को अस्पताल ले जाने पर उसे सम्मानित किया जाएगा और प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

जनजागरूकता अभियान होंगे तेज

कलक्टर ने निर्देश दिए कि स्कूलों, कॉलेजों, और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जाएं। इसमें हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और ट्रैफिक नियमों के पालन के प्रति नागरिकों को प्रेरित किया जाए।

नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई

कलक्टर ने ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए कि नियमित चेकिंग अभियान चलाएं और विशेष रूप से ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने जैसे मामलों में कड़ी चालान कार्रवाई की जाए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामसिंह मीणा, पुलिस उपाधीक्षक हर्षराज सिंह खरेड़ा, जिला परिवहन अधिकारी समीर जैन, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता हुकुमचन्द मीणा सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *