महिला दिवस के उपलक्ष्य में हुआ संवाद कार्यक्रम

ram

खैरथल। राजकीय महाविद्यालय खैरथल में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में महिला दिवस के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. नीतू जेवरिया ने जानकारी दी कि महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में विविध सांस्कृतिक व साहित्यिक गतिविधियों का आयोजन किया गया साथ ही युवाओं का विकसित भारत युवा संसद 2025 कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन आवेदन करवाया गया। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. दीपक कुमार ने छात्राओं को आर्थिक रूप से स्वतंत्र होने पर ही महिला सशक्तिकरण की अवधारणा से अवगत कराया। मेघा ने महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार व्यक्त किए। छात्रा रजनदीप कौर ने कविता के माध्यम से कन्या भ्रूण हत्या पर अपने विचार अभिव्यक्त किए। साथ ही नीरू, शिवानी, कुशाल जाटव, आरती, खुशी सोनी आदि अनेक विद्यार्थियों ने महिलाओं को स्वतंत्र होने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया। महाविद्यालय में कार्यरत निजी सहायक सौम्या बारेठ ने छात्राओं को सुंदर दिखने से अधिक साहसी बनने के लिए प्रेरित किया। संकाय सदस्य साक्षी जैन ने विद्यार्थियों को देश के विस्तृत फलक पर छाप छोड़ने वाली महिलाओं का परिचय दिया। संकाय सदस्य सरस्वती मीणा ने ईको फेमिनिज़्म और हैपी फेमिनिज़्म पर अपने विचार रखे। राजवीर सिंह मीणा ने घर-परिवार से लेकर राष्ट्र निमान में महिलाओं के योगदान पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुभव शर्मा ने महिला सशक्तिकरण पर कविता प्रस्तुत कर पुरुषों को महिलाओं के प्रति सम्मानजनक रवैया अपनाने का संदेश दिया। प्राचार्य ने छात्राओं को बड़े सपने देखने और जी-तोड़ परिश्रम से उन्हें पूरा करने की प्रेरणा प्रदान की। कार्यक्रम में गौरी देवी महिला महाविद्यालय में आयोजित होने वाले युवा संसद कार्यक्रम में भाग लेने के लिए युवाओं को प्रेरित किया गया। जिसके बाद लगभग 20 विद्यार्थियों ने अपने वीडियो युवा भारत पोर्टल पर अपलोड किए। प्राचार्य ने एनआईटी कॉलेज के प्रशासक अनुभव शर्मा को स्मृति चिह्न भेंटकर आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *