जयपुर। उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने मंगलवार को शासन सचिवालय में उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, परिवहन एवं आयुर्वेद विभाग की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने विभागीय योजनाओं, बजट घोषणाओं, विधानसभा प्रश्नों, राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टमेंट समिट के एमओयू तथा विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। श्री बैरवा ने बजट घोषणाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विधानसभा में पूछे गए प्रश्नों के जवाब निर्धारित समय में भेजने तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा। उन्होंने राइजिंग राजस्थान के तहत हुए एमओयू के ग्राउंड ब्रेकिंग की प्रगति की भी समीक्षा की और संबंधित परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बजट आवंटन अथवा वित्तीय स्वीकृति से संबंधित प्रकरणों में विभाग वित्त विभाग के साथ समन्वय कर समाधान सुनिश्चित करें। उपमुख्यमंत्री ने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों में लैब, कॉन्फ्रेंस हॉल, डिजिटल क्लासरूम, खेल मैदान सहित अन्य सुविधाओं के विकास में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिला स्तर पर राजकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए फ्रेंच, जर्मन, स्पेनिश, जापानी एवं कोरियाई भाषाओं की ऑफलाइन एवं ऑनलाइन कक्षाओं की सुविधा भी दी जा रही है। इसके अतिरिक्त तकनीकी शिक्षा संस्थानों में एंटरप्रेन्योरशिप एंड स्टार्टअप विषय को अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को ड्रोन टेक्नोलॉजी तथा माइक्रोसॉफ्ट-एसएपी का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सेंट्रल प्लेसमेंट पोर्टल भी तैयार किया गया है। परिवहन विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने आमजन को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए बसों का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा संचालित बसों में यात्रियों की सुविधाओं और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा। बैठक मे बताया गया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब तक 954 बसों की खरीद की गई है, जबकि 581 बसें अनुबंध के आधार पर लेकर संचालित की जा रही हैं। रोडवेज बसों में आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा के लिए व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम एवं पैनिक बटन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यात्रियों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए समाधान पोर्टल भी शुरू किया गया है। कामां, रूपवास, महवा, मनोहरथाना, खींवसर एवं पोकरण में नवीन बस स्टैंडों का निर्माण किया गया है। इससे इन क्षेत्रों में यात्रियों को बेहतर एवं सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश में आयुष चिकित्सा पद्धतियों के विस्तार के साथ -साथ आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को आधुनिक एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र बनाने के निर्देश दिए। बैठक में तकनीकी शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री कुलदीप रांका, आयुर्वेद विभाग के प्रमुख शासन सचिव श्री सुबीर कुमार, सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने विभागीय योजनाओं एवं बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की
ram


