दौसा : भांडारेज में सबसे ज्यादा 64.72% मतदान, दो जगह EVM खराब

ram

दौसा. दौसा जिले में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण का मतदान बुधवार सुबह 7 बजे शुरू हुआ। दोपहर 1 बजे तक भांडारेज में सबसे ज्यादा 64.72% मतदान हुआ, जबकि बांदीकुई में सबसे कम 49.43% वोटिंग दर्ज हुई। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच महवा में मतदान प्रतिशत में सबसे ज्यादा 31.32 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई। इसके बाद भांडारेज में 29.82 और बांदीकुई में 26.04 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। पहले चरण में जिले की 6 नगर पालिकाओं के 175 वार्डों में मतदाता वोट डाल रहे हैं। भांडारेज नगर पालिका के बूथ नंबर 14 और बांदीकुई नगर पालिका के बूथ नंबर 41 की EVM में तकनीकी खराबी आई। इसके बाद दोनों बूथों पर EVM मशीन बदली गई। सिकराय नगर पालिका के पोलिंग बूथ नंबर 16 पर 96 साल के बुजुर्ग बाबूलाल भांगला मतदान करने पहुंचे। उन्हें व्हीलचेयर से बूथ तक ले जाया गया। वहीं, मंडावर के वार्ड 22 में चलने में असमर्थ बुजुर्ग महिला भी व्हीलचेयर पर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पहुंचीं।

1500 पुलिस जवान तैनात
पहले चरण के मतदान को देखते हुए सुरक्षा के लिए 1500 पुलिस जवानों का जाप्ता तैनात किया गया है। जिले के 157 क्रिटिकल बूथों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। एसपी पीयूष दीक्षित मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वहीं, एएसपी शंकरलाल मीणा और विनोद सीपा मतदान केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा बंदोबस्त देख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *