कोटा। राजस्थान के कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे-52 पर शनिवार देर रात एक बजे तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में क्रूजर सवार एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। इनमें दो बच्चे थे। ट्रक ड्राइवर सहित 7 लोग घायल हुए हैं। हादसा कोटा के नाता थाना क्षेत्र में शंभूपुरा गांव के पास हुआ। शव और घायल गाड़ी में फंस गए, जिन्हें पुलिस ने लोगों की मदद से निकालकर न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भिजवाया। एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया- क्रूजर में एक परिवार के 15 लोग सवार थे। सभी धुले (महाराष्ट्र) के रहने वाले हैं, जो खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक परिवार के कुल 36 लोग मंगलवार को तीन अलग-अलग गाड़ियों में धुले से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। वे मध्य प्रदेश में ओंकारेश्वर, उज्जैन, राजस्थान में सांवरिया सेठ, अजमेर और पुष्कर होते हुए शनिवार सुबह 11 बजे खाटूश्यामजी पहुंचे थे।
सीएम ने कहा- अत्यंत पीड़ादायक
सीएम भजनलाल शर्मा ने X पर लिखा- कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा के पास सड़क हादसे में हुई जनहानि का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
परिवार की महिला बोली- क्रूजर से 50KM दूर थी हमारी गाड़ी
परिवार की महिला ने बताया कि हम मंगलवार को महाराष्ट्र से निकले थे। उज्जैन, ओंकारेश्वर होते हुए खाटूश्यामजी पहली बार गए थे। तीन गाड़ियों में 36 लोग सवार थे और सभी आपस में रिश्तेदार हैं। शनिवार रात 1:15 बजे फोन आया कि एक्सीडेंट हो गया, तब हम 50 किलोमीटर दूर थे। जब पहुंचे तो देखा सभी लोग घायल हैं और इनमें से कुछ लोगों की मौत भी हो गई थी।
पति-पत्नी, बेटा-बहू और पोती की मौत
हादसे में सज्जन पवार (62) और उनकी पत्नी उषा बाई (60), बाबूलाल पवार (75) व उनकी पत्नी सुशीला (62), बेटा कैलाश (35), बहू अनीता (34) पत्नी कैलाश, पोती जाह्नवी (7) और माधवी (32) व सानवी (3) की मौत हुई है। सज्जन और बाबूलाल भाई थे। सानवी, सज्जन की पोती और माधवी बहू थी। कैलाश सैलून का काम करता था।
ड्राइवर को झपकी आने से हुआ हादसा
हादसे की सूचना पर सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम मौके पर पहुंचीं। गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकवाया। घायलों को एंबुलेंस से न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लाया गया। एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया- क्रूजर में सवार सभी लोग धुले (महाराष्ट्र) के रहने वाले हैं, जो खाटूश्यामजी से दर्शन कर लौट रहे थे। शुरुआती जानकारी में सामने आया कि संभवत: क्रूजर ड्राइवर को झपकी आने से हादसा हुआ है।



