गन्ने का जूस पीने का मन है, लेकिन गर्मी में बाहर नहीं जाना चाहते? घर पर ही इन चीजों से करें तैयार

ram

नई दिल्ली। सड़क किनारे बर्फ वाला गन्ने का रस देखकर ही प्यास बुझने का अहसास होता है, लेकिन इस चिलचिलाती धूप और लू में घर से बाहर जाने की हिम्मत भला कौन जुटाए?

अगर हम आपसे कहें कि आप बिना गन्ने के, घर बैठे ही अपनी रसोई में बिल्कुल बाजार जैसा गन्ने का जूस बना सकते हैं, तो क्या आप यकीन करेंगे? जी हां, यह बिल्कुल मुमकिन है।

इसका असली राज छिपा है आपकी रसोई में रखे ‘गुड़’ में। चूंकि, गुड़ गन्ने के रस को पकाकर ही बनाया जाता है, इसलिए सही चीजें मिलाने पर इसका स्वाद हूबहू गन्ने के जूस जैसा ही आता है (Homemade Sugarcane Juice)। आइए जानते हैं इसे बनाने का बेहद आसान तरीका।

सामग्री
घर पर गन्ने का जूस बनाने के लिए आपको इन आसान चीजों की जरूरत होगी:
गुड़: 1/2 कप (बारीक टूटा हुआ या कद्दूकस किया हुआ)
पुदीने के पत्ते: 10-15 (ताजगी के लिए)
नींबू का रस: 1 से 2 चम्मच (चटपटे स्वाद के लिए)
काला नमक: 1/2 चम्मच
ठंडा पानी: 2 गिलास
बर्फ के टुकड़े: गार्निशिंग के लिए

बनाने की विधि
गुड़ को पानी में घोलें
सबसे पहले बारीक टूटे हुए गुड़ को आधे गिलास पानी में भिगोकर 10-15 मिनट के लिए रख दें। इससे गुड़ पानी में अच्छी तरह से घुल जाएगा और पीसते समय आसानी होगी।

मिक्सी का करें इस्तेमाल
अब एक ब्लेंडर या मिक्सी का जार लें। इसमें गुड़ का पानी, ताज़े पुदीने के पत्ते, नींबू का रस, काला नमक और बचा हुआ ठंडा पानी डाल दें। अगर आप चाहें तो इसमें थोड़ा सा भुना हुआ जीरा पाउडर भी डाल सकते हैं।

अच्छे से ब्लेंड करें
इन सभी चीजों को मिक्सी में कुछ सेकंड के लिए अच्छी तरह घुमा लें। जब आपको पुदीना पूरी तरह से पिसता हुआ और ऊपर हल्का झाग बनता हुआ दिखाई दे, तो मिक्सी बंद कर दें। यह झाग बिल्कुल वैसा ही लगेगा जैसा बाजार के गन्ने के जूस में होता है।

छानकर करें सर्व
अब एक छलनी की मदद से इस जूस को गिलास में छान लें ताकि पुदीने के या गुड़ के कोई बड़े टुकड़े मुंह में न आएं। बस। तैयार है आपका घर पर बना ताजा, स्वादिष्ट और सेहतमंद गन्ने का जूस। गिलास में कुछ बर्फ के टुकड़े डालें और इस ठंडे-ठंडे ड्रिंक का आनंद लें। यह न सिर्फ आपको चिलचिलाती गर्मी से राहत देगा, बल्कि बाजार के खुले जूस से होने वाली बीमारियों से भी बचाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *