अलवर/कोटपूतली-बहरोड़। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनके पैतृक गांव काठुवास में मेघवाल समाज के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं समाजसेवी स्वर्गीय लेखराम ठेकेदार की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर जूली ने अपने पिता स्वर्गीय लेखराम ठेकेदार को स्मरण करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी हमारे दिलों में जीवंत हैं। उन्होंने कहा कि सरल स्वभाव एवं व्यक्तित्व के धनी स्वर्गीय लेखराम ठेकेदार ने अपना संपूर्ण जीवन मानव सेवा के लिए समर्पित किया तथा जनकल्याण के लिए अनेक उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने कहा कि आज वे जिस मुकाम पर हैं, उसमें उनके पिता की प्रेरणा, मार्गदर्शन और आशीर्वाद का महत्वपूर्ण योगदान है। मेरा जीवन सार्थक बनाने में मेरे पिताजी की अहम भूमिका रही है। उनकी पुण्यतिथि पर मैं संकल्प लेता हूं कि उनके पदचिह्नों पर चलते हुए जीवनभर मानव सेवा और जनकल्याण के कार्यों के लिए समर्पित रहूंगा। जूली ने कहा कि संसाधनों के अभाव के बावजूद स्वर्गीय लेखराम ठेकेदार ने निर्यात (एक्सपोर्ट) व्यवसाय की शुरुआत कर अलवर जिले का नाम देश-विदेश तक पहुंचाया। जनसेवा और जरूरतमंदों की सहायता का जो संकल्प उन्होंने लिया था, वह आज भी निरंतर जारी है। स्वर्गीय लेखराम ठेकेदार के छोटे पुत्र मुकेश जूली द्वारा औद्योगिक इकाई जूली इंटरनेशनल में उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर उनके जीवन, संघर्ष, समाजसेवा और प्रेरणादायी व्यक्तित्व से जुड़े अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि सर्वसमाज के उत्थान के लिए स्वर्गीय लेखराम ठेकेदार द्वारा प्रज्ज्वलित सेवा की लौ आज भी जनसेवा के माध्यम से निरंतर प्रज्वलित हो रही है। उन्होंने रोजगार सृजन के माध्यम से क्षेत्र के विकास को नई दिशा दी और नए आयाम स्थापित किए। उनके द्वारा स्थापित मूल्यों और सेवा भाव की प्रेरणा आज भी समाज को मार्गदर्शन प्रदान कर रही है। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय लेखराम ठेकेदार ने अपने जीवनकाल में सामाजिक सौहार्द, जनसेवा और समाजहित के कार्यों को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता दी। क्षेत्रवासी आज भी उन्हें सम्मान और श्रद्धा के साथ याद करते हैं। पुण्यतिथि का यह आयोजन उनके योगदान को स्मरण करने तथा नई पीढ़ी तक उनके आदर्शों और विचारों को पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सांसद कुलदीप इंदौरा विधायक जाकिर खान,अनीता जाटव, कांति मीणा,ललित यादव,मांगे लाल मीणा,पूर्व विधायक राव दान सिंह,पूर्व मंत्री शकुंलता रावत,जिलाध्यक्ष प्रकाश गंगावत,इंद्राज गुर्जर,बलराम यादव,शिशुपाल सिंह राजपुरोहित,हनुमान राम बांगड़ा,किशोर चौधरी,पूर्व जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा, किशोर चौधरी, अलवर जिला कांग्रेस प्रभारी फूल सिंह ओला, बहरोड़ विधानसभा प्रत्याशी संजय यादव, डॉ आर सी यादव,इमरान खान, संजीव बारेठ, हिम्मत चौधरी,पुष्पेंद्र धाबाई, सिद्धार्थ व्यास,उमरदीन खान, ओम प्रकाश गोलिया,राकेश बैरवा सहित देश व प्रदेश स्तर के कांग्रेस नेताओं के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी शामिल हुए।

लेखराम ठेकेदार के आदर्श आज भी हमारे दिलों में जीवंत, उनके संस्कार हमारी सबसे बड़ी पूंजी : नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली
ram


