जयपुर। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव एवं वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने गुरूवार को अलवर शहर के डी-ब्लॉक बुध विहार में प्रदेश की पहली हाईटेक पार्क लाइब्रेरी ‘विद्या कुंज’, सूर्य नगर में अलवर दर्शन पार्क तथा इंदिरा गांधी स्टेडियम में कुश्ती हॉल का शुभारम्भ कर आमजन को समर्पित किया। केंद्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने अलवर को मिली सौगातों पर बधाई देते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार होने से विकास की रफ्तार दुगुनी हुई है। उन्होंने कहा कि आमजन की सहभागिता से किए जा रहे विकास कार्यों से अलवर जिला चहुंमुखी विकास की ओर तेजी से आगे बढ रहा है। उन्होंने कहा कि अलवर शहर को प्रदेश की पहली पार्क लाइब्रेरी के रूप में सौगात देकर वन राज्यमंत्री, जिला प्रशासन, यूआईटी ने सार्थक कार्य किया है। इस पार्क लाइब्रेरी से मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य को बल मिलेगा। आमजन के जुड़ाव के लिए पुस्तक दान का कदम सराहनीय है। उन्होंने कहा कि अलवर संसदीय क्षेत्र के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के सभी युवाओं व हर वर्ग के व्यक्तियों को परम्परागत एवं आधुनिक डिजिटल शिक्षा मुहैया कराने के उद्देश्य से अलवर संसदीय क्षेत्र में 133 ई-गुरूकुल (ई-लाइब्रेरी) बनवाई गई हैं, जिनको यथाशीघ्र लोकार्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में जिस प्रकार से सार्थक प्रयास हुए है, जिसमें प्रशासन से लेकर पार्षद, सफाई कर्मचारी एवं नागरिकों की सहभागिता से अलवर शहर स्वच्छता के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही अलवर में पर्यटन में सरिस्का में आने वाले पर्यटक जहां वर्ष 2022-23 में वार्षिक 51 हजार की संख्या के मुकाबले वर्ष 2025-26 में 90 हजार से अधिक पर्यटक आए हैं, जिससे सरिस्का की आय में 62 लाख से बढकर 1 करोड़ 28 लाख रूपये हो गई है, जो कि अभूतपूर्व उपलब्धि है। केंद्रीय वन मंत्री ने कुश्ती हॉल के शुभारम्भ के अवसर पर कुश्ती के 10 बॉयेज व 10 गर्ल्स श्रेष्ठ खिलाडियों को तीन साल तक स्कॉलरशिप देने की घोषणा कर कहा कि यह स्कॉलरशिप कुश्ती के श्रेष्ठ खिलाडियों को आगे बढ़ाने एवं उन्हें अपने खेल पर पूरा ध्यान खेल पर केंद्रित अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के उद्देश्य से दी जा रही है। उन्होंने जिला कलक्टर को निर्देशित किया कि स्टेडियम के विकास की एक विस्तृत तैयार करें, ताकि भविष्य की आवश्यकताओं के मद्देनजर स्टेडियम का विकास कराया जा सके। उन्होंने सूर्य नगर में अलवर दर्शन पार्क के शुभारम्भ के दौरान स्थानीय निवासियों द्वारा पेयजल टंकी की मांग करने पर उन्होंने पेयजल टंकी बनवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल बिग केट अलाइंस का नई दिल्ली में सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है, जिसमें 95 देश की सहभागिता रहेगी। उनका प्रयास है कि इन सभी देशों के प्रतिनिधि सरिस्का में आएं। उन्होंने कहा कि अलवर संसदीय क्षेत्र के हर पहलू के विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने केंद्रीय वन मंत्री को अलवर विधानसभा क्षेत्र में 2 साल के दौरान कराए गए विकास कार्यों पर आधारित पुस्तिका भेंट की, जिस पर यादव ने कहा कि इस प्रकार सभी विधायकों को अपने विकास कार्यों की पुस्तिका प्रकाशित कर आमजन को उपलब्ध करानी चाहिए। वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में एवं अलवर सांसद एवं केंद्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव के कुशल मार्गदर्शन में अलवर तेजी से विकास के पथ पर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वन मंत्री की प्रेरणा से ही पार्क लाइब्रेरी जैसे अनेक नवाचार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सांसद बनने पर यादव ने अलवर की चार विषयों पर कार्य प्रारम्भ किया, जिसके तहत अलवर में पेयजल समस्या के निजात, युवाओं को आधुनिक शिक्षा हेतु ई-लाइब्रेरी, खिलाडियों को आगे बढ़ाने के लिए अलवर सांसद खेल उत्सव तथा स्वच्छता के क्षेत्र में अलवर को एक मॉडल के रूप में विकसित करने के कार्य स्पष्ट रूप से दृष्टिगोचर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य आपदा प्रबंधन से अलवर शहर में नाले, नालियां, सीवरेज आदि के लिए 50 करोड़ रूपये स्वीकृत कराए गए हैं। कृषि उपज मंडी में बड़ा शेड स्वीकृत कराया गया है तथा शहर में ईआरसीपी एवं चम्बल का पानी आने तक पेयजल व्यवस्था सुचारू रखने के लिए 189 बोरिंग स्वीकृत कराकर चालू कराए, 81 बोरिंगों को गहरा कराया गया तथा उनका इस वर्ष का भी विधायक विकास निधि का पैसा पानी के लिए समर्पित किया गया है। इस दौरान रामगढ विधायक सुखवंत सिंह, सरस डेयरी के चैयरमेन नितिन सांगवान, संभागीय आयुक्त वी. सरवन कुमार, जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता व महासिंह चौधरी सहित अनेक प्रबुद्ध व्यक्ति, संबंधित अधिकारी एवं बडी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता को केंद्र में रखकर अलवर के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध – वन राज्यमंत्री संजय शर्मा
ram


