जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

ram

नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में बड़ा प्रदर्शन किया। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए। बताया गया कि वे सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे और एयरपोर्ट से बाहर आने के बाद सीधे आंदोलन की तैयारियों में जुट गए। इस दौरान उन्होंने हाथ में डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुस्तक लेकर समर्थकों का अभिवादन किया। जंतर-मंतर पर आयोजित इस प्रदर्शन में हजारों की संख्या में समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने NEET-UG पेपर लीक, CBSE, CUET और SSC-GD जैसी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। कई प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी नारे लगाते नजर आए। पार्टी का कहना है कि देश के लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लगा है और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जवाबदेही तय होना जरूरी है। प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए पार्टी ने अपने समर्थकों के लिए विशेष दिशा-निर्देश भी जारी किए थे, जिनमें तिरंगा, किताब और फूल साथ लाने के साथ-साथ गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक तैयारी करके आने की अपील की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *