बूंदी। नगर निकाय चुनाव-2026 के तहत 2 चरणों में आयोजित मतदान के दौरान जिले की प्रत्येक नगर निकाय के एक बूथ सहित जिले के कुल 8 मतदान बूथों को स्वच्छ हरित बूथ के रूप में तैयार कर मतदाताओं को स्वच्छता का संदेश दिया गया। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी चारू ने बताया कि नगर निकाय चुनाव के दौरान स्वीप कार्यक्रम अंतर्गत स्वच्छ भारत अभियान योजना के ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले के 8 मतदान बूथों को स्वच्छ हरित बूथ के रूप में तैयार किया गया। उन्होंने बताया कि इन केन्द्रों पर गीला (जैविक) कचरा, सूखा कचरा, सेनेटरी कचरा व हानिकारक कचरे को एकत्रित, संधारित व निस्तारित करने के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। साथ ही स्वच्छता का संदेश देते हुए प्रवेश द्वार सहित स्वच्छता प्रवेश गेलेरी, वेस्ट टू यूज मैनेजमेंट, नेचुरल पौधे, प्लास्टिक वेस्ट कलेक्शन बॉटल, स्वच्छता संदेश रंगोली व मोबाईल टॉयलेट फैसिलिटी की भी व्यवस्था की गई।
स्वच्छता को लेकर मतदाता हुए जागरूक, स्वच्छ हरित बूथ देखकर मतदाताओ में खुशीः
स्वीप गतिविधियों के तहत जिले में तैयार करवाय गए 8 मतदान बूथों को देखकर मतदाताओं में प्रसन्नता देखी गई। साथ ही स्वच्छता के संदेश पढ़कर मतदाताओं में सफाई को लेकर जागरूकता भी देखी गई। इन मतदान बूथों में स्वच्छता का संदेश देते हुए तैयार किये गए सेल्फी पॉईंट पर कई मतदाताओं ने मोबाइल से फोटो भी लिए।
जिले में इन आठ बूथों पर दिया गया स्वच्छता का संदेशः
नगर पालिका आम चुनाव 2026 के तहत नगर परिषद बूंदी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चौगान गेट, नगर पालिका क्षेत्र के0 पाटन में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बालिका, कापरेन में उप तहसील, लाखेरी में एसीसी स्कूल नयापुरा, इन्द्रगढ में जनजाति छात्रावास, देई में महात्मा गांधी विद्यालय (नवीन), नैनवा में बस स्टैंड के पास पीएम श्री उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा हिण्डोली में तालाब की पाल के पास स्वच्छता का संदेश देने के लिए स्वच्छ हरित बूथों का निर्माण करवाया गया।


