मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सादुलशहर में आयोजित तिरंगा यात्रा में हुए शामिल

ram

श्रीगंगानगर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को सादुलशहर में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने देशभक्ति के नारों की गूंज के बीच हाथ में तिरंगा थामकर अंबेडकर सर्किल से अरूट चौक तक तिरंगा यात्रा में भागीदारी की। इससे पहले जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्राओं में नागरिकों का जोश और जुनून इस बात का प्रमाण है कि तिरंगा हमारे दिलों में बसता है। साथ ही, यह हमारे गौरव और राष्ट्रीय चेतना की विरासत और पहचान है। जो हमें स्वतंत्रता और उससे जुड़े इतिहास को याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत आयोजित हो रही तिरंगा यात्राओं से नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना तथा राष्ट्र सेवा और राष्ट्र प्रथम के संकल्प को मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि तिरंगे के साथ राजस्थान का गहरा संबंध है। आजाद भारत में फहराया गया पहला तिरंगा प्रदेश में बना था। दौसा के आलूदा गांव के बुनकरों ने उस तिरंगे के लिए खादी का कपड़ा बुना और गोविंदगढ़ में इसे रंगकर तिरंगे का रूप दिया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आजादी का ‘अमृत महोत्सव’ के अवसर पर वर्ष 2022 से प्रारंभ किया गया ‘हर घर तिरंगा अभियान’ जनआंदोलन बन चुका है। इस वर्ष का अभियान राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्षों पूरे होने की भावना को समर्पित है। उन्होंने कहा कि आज का दिन विभाजन विभीषिका दिवस भी है। देश के विभाजन की त्रासदी से लाखों लोग प्रभावित हुए थे। इस घटना ने सीमावर्ती इलाकों के लोगोें का जीवन हमेशा के लिए बदल दिया। जनसभा में मुख्यमंत्री ने सादुलशहर के चूनावढ़ में मिल्क चिलिंग प्लांट की घोषणा की। तिरंगा यात्रा से पहले उन्होंने सादुलशहर में ही राजकीय उप जिला चिकित्सालय के नवीन भवन का शिलान्यास किया। तिरंगा यात्रा में केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल, विधायक गुरवीर सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *