साल 2030 तक ब्राजील फुटबॉल टीम के हेड कोच बने रहेंगे कार्लो एंसेलोटी

ram

रियो डी जनेरियो। कार्लो एंसेलोटी ब्राजील के नेशनल टीम के हेड कोच पद पर साल 2030 तक बने रहेंगे। ब्राजीलियन फुटबॉल परिसंघ (सीबीएफ) ने उनके कॉन्ट्रैक्ट को 2030 तक बढ़ा दिया है। 66 वर्षीय एंसेलोटी ने मई 2025 में ब्राजील के हेड कोच का पद संभाला था और टीम को फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालिफाई कराया था, जिसका आयोजन 11 जून से अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में होना है। उनकी अगुवाई में ब्राजील ने 10 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 5 में जीत, तो 3 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, दो मैच ड्रॉ रहे हैं। एंसेलोटी ने सीबीएफ की आधिकारिक वेबसाइट से कहा, “मैं एक साल पहले ब्राजील आया था। पहले मिनट से ही, मैं समझ गया था कि इस देश के लिए फुटबॉल का क्या मतलब है। एक साल से हम ब्राजीलियन नेशनल टीम को दुनिया में टॉप पर वापस लाने के लिए काम कर रहे हैं। हालांकि, सीबीएफ और मैं अभी और जीत, समय और काम चाहते हैं।”
एंसेलोटी ने आगे कहा, “हमें यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हम अगले चार साल तक साथ रहेंगे। हम 2030 वर्ल्ड कप तक साथ रहने वाले हैं। मैं सीबीएफ को उनके भरोसे के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। ब्राजील, इतने अच्छे स्वागत और इतने प्यार के लिए धन्यवाद।” पद संभालने क के बाद से एंसेलोटी ने पांच जीत, दो ड्रॉ और तीन हार देखी हैं।
सीबीएफ प्रेसिडेंट समीर जौद ने इस विस्तार को एक ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा, “कार्लो एंसेलोटी का कॉन्ट्रैक्ट बढ़ना पांच बार की वर्ल्ड कप जीतने वाली नेशनल टीम को एक मजबूत, आधुनिक और प्रतिस्पर्धी संरचना देने के हमारे प्रतिबद्धता में एक और मजबूत कदम है।”
ब्राजील वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान का आगाज 13 जून को मोरक्को के खिलाफ शुरू करेगी। फुटबॉल के सबसे अनुभवी दिमागों में से एक एंसेलोटी का ब्राजील कोच के तौर पर यह उनका पहला ग्लोबल फाइनल होगा। उन्होंने पहले भी इस टूर्नामेंट में एक खिलाड़ी और इटली के कोचिंग स्टाफ के सदस्य के तौर पर हिस्सा लिया था। एंसेलोटी वर्ल्ड कप में ब्राजील को कोचिंग देने वाले पहले विदेशी भी होंगे। सोमवार को एंसेलोटी वर्ल्ड कप के लिए ब्राजील के 26 खिलाड़ियों की शुरुआती टीम की घोषणा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *