नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी है। शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। इसके तहत लोकसभा और विधानसभा की सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव है। परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक दलों के बीच समर्थन और विरोध की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। समाजवादी पार्टी ने इसका विरोध किया है, जबकि डीएमके और बीआरएस ने कुछ शर्तों के साथ समर्थन देने के संकेत दिए हैं। वहीं, कांग्रेस ने इस प्रस्ताव को संविधान पर हमला करार दिया है। इससे पहले अप्रैल में सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को पारित कराने की कोशिश की थी, लेकिन जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं जुटा सकी थी। इस कारण विधेयक पारित नहीं हो पाए थे। पिछले सात महीनों में बदले राजनीतिक समीकरणों के बीच सरकार इस बार पूरी तैयारी के साथ विधेयक को संसद में लाने की रणनीति बना रही है। सरकार को उम्मीद है कि विपक्ष के कुछ दलों का समर्थन हासिल कर वह संविधान संशोधन के लिए आवश्यक दो-तिहाई बहुमत जुटा सकेगी।
लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 815 करने की तैयारी
इन बिलों के तहत परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 815 किया जा सकता है। सरकार का उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देने का रास्ता तैयार करना है। सरकार इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करना चाहती है।
सरकार को लोकसभा में 40, राज्यसभा में 11 सांसदों की जरूरत
लोकसभा में NDA के साथ 320 सांसद हैं। फिलहाल 3 लोकसभा सीटें खाली हैं। यानी लोकसभा में अधिकतम 540 सांसद बिल पर वोटिंग करेंगे। इस हिसाब से लोकसभा में बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई के 360 के आंकड़े से NDA अभी 40 वोट पीछे हैं। राज्यसभा में NDA के साथ 151 सांसद हैं। राज्यसभा में 243 सांसद वोट करेंगे। इस हिसाब से राज्यसभा में बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई के 162 के आंकड़े से NDA अभी 11 वोट पीछे हैं।



