सरकार ने बुलाया चार दिन का संसद सत्र, किरेन रिजिजू बोले- महत्वपूर्ण बिल लाएंगे, सार्थक चर्चा होनी चाहिए

ram

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने 4 दिन का संसद सत्र बुलाने का फैसला किया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति को पत्र लिखा है। रिजिजू ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “सरकार ने संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र बुलाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति को पत्र भेजा गया है। 30 नवंबर और 1 दिसंबर को लोकसभा में महत्वपूर्ण सरकारी कार्यकाज रखा जाएगा। इसके बाद वही कार्य 2 और 3 दिसंबर को राज्यसभा में लिए जाएंगे।” उन्होंने कहा, “मैंने सभी राजनीतिक दलों से भी अपील की है, और मैंने प्रमुख दलों के नेताओं से बात की है। कुछ सांसदों ने सोशल मीडिया और अन्य मीडिया आउटलेट्स पर बयान जारी कर कहा है कि सरकार नियमों के अनुसार काम नहीं कर रही है। ऐसे हल्के बयान नहीं दिए जाने चाहिए, क्योंकि जब भी कोई महत्वपूर्ण बिल या बिजनेस लाया जाना होता है, सरकार सत्र बुला सकती है। यह स्थापित परंपरा रही है।”
रिजिजू ने कहा, “मैं अतीत में नहीं जाना चाहता, लेकिन पहले भी ऐसे उदाहरण रहे हैं जब पिछले सत्र को स्थगित किए बिना एक के बाद एक सत्र बुलाया गया। यह लोकतंत्र है, संसदीय लोकतंत्र है। जब भी कोई महत्वपूर्ण बिल या देश के लिए कोई काम करना होता है, सरकार संसद का सत्र बुलाती है। इसमें कुछ भी नया नहीं है। जब सरकार विशेष सत्र बुलाती है, तो इसका मतलब है कि कुछ विशेष काम किया जाना है। महत्वपूर्ण बिल और देश से जुड़े मामले उठाए जाते हैं, इसीलिए ऐसा सत्र बुलाया जाता है।”
उन्होंने कहा, “मैं सभी दलों के नेताओं और सांसदों से अनुरोध करूंगा कि पूरे दिल से जो भी बिल लाए जाएंगे, उन पर अच्छी चर्चा होनी चाहिए। सार्थक बहस होनी चाहिए। आप सहमत हैं या सहमत नहीं हैं, यह विषय अलग है। लोकतंत्र में आप सरकार से सहमत भी हो सकते हैं और सरकार के काम के विरोध में भी बोल सकते हैं। लेकिन सत्र चलना चाहिए। देश सुनता है, देश के लोग भविष्य में इसे याद रखेंगे कि कैसे हम सदन के अंदर बोल रहे हैं। संसद अच्छी तरह से चले, इसकी जिम्मेदारी सभी सांसदों की है।”
उन्होंने कहा, “संसद के सत्र बुलाए जाते हैं। मानसून सत्र होते हैं, शीतकालीन सत्र होते हैं और बजट सत्र होते हैं। इनके बीच में भी विशेष काम होने पर संसद का सत्र बुलाया जाता है। तो जो बात रखनी है, संसद में बात रख सकते हैं। सभी सदस्य अपने-अपने खुले दिल से बात रख सकते हैं। लेकिन संसद अच्छे से चलनी चाहिए। यह सबकी जिम्मेदारी है।”
उन्होंने कहा, “सत्र में क्या-क्या बिल लाएंगे, वो हम बाद में इसकी जानकारी देंगे। अभी मैं आपको इतना सूचित करता हूं कि बहुत महत्वपूर्ण कार्य लेकर आ रहे हैं। सभी सांसदों को मिलकर इसमें अच्छी भागीदारी करनी चाहिए। विश्व देखता है कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, तो इसमें हमें अच्छे से जिम्मेदारी के साथ संसद का सत्र चलाना चाहिए।”
रिजिजू ने साफ कहा कि सरकार नियमों के तहत ही सत्र बुला रही है और इसमें कुछ भी असामान्य नहीं है। उन्होंने सभी सांसदों से अपील की कि वे सदन में जिम्मेदारी से भाग लें, ताकि देश और दुनिया के सामने भारतीय लोकतंत्र की अच्छी तस्वीर जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *