जयपुर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से नवरात्री के प्रथम दिवस पंचायती राज चुनाव-2026 को लेकर ‘ग्राम विकास संकल्प-पत्र’ जारी किया गया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ , मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, सह प्रभारी कविता पाटीदार, कुलजीत चहल और संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने ग्राम विकास संकल्प पत्र जारी किया। इस दौरान प्रदेश कार्यालय में नवनिर्मित हॉल सेवा संकल्प सभागार का उद्घाटन भी किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि निकाय चुनावों में भाजपा और उसके समर्थित प्रत्याशियों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। प्रदेश के 309 स्थानीय निकायों में से 209 निकायों में भाजपा एवं समर्थित प्रत्याशियों को जीत मिली है। उसी तर्ज पर पंचायत चुनावों में भी भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। राठौड़ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा घोषित ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ की पहल को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि निकाय के साथ पंचायती राज चुनाव एक साथ करवा रहे है, इससे ना केवल प्रदेश का धन बचेगा बल्कि सरकार को काम करने के लिए पूरा समय भी मिलेगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के लिए हमारा गांव, ढाणी, निकाय, जिला, प्रदेश और हमारा देश विकसित होना चाहिए। भाजपा विकास के संकल्प के साथ जनता के बीच जाती है। विधानसभा चुनाव के समय पार्टी ने संकल्प पत्र जारी कर जनता को विश्वास दिलाया था कि सरकार बनने पर निर्धारित विकास कार्यों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने संकल्प पत्र के लगभग 78 प्रतिशत कार्य पौने तीन वर्ष की अवधि में पूरे किए हैं। यह भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता और विकास के प्रति समर्पण को दर्शाता है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा ने स्थानीय निकाय चुनावों में भी संकल्प पत्र जारी किया था। इन चुनाव के तुरंत बाद सभी निकायों के लिए दीपावली तक आवश्यक कार्य पूरे करने के लिए 30 दिन की कार्ययोजना बनाई गई तथा गरीब कल्याण और अधूरे विकास कार्यों को गति देने के लिए 100 दिन की कार्ययोजना तैयार की गई। इसके साथ ही प्रत्येक निकाय के लिए ‘विजन डॉक्यूमेंट’ बनाने का निर्णय लिया गया, ताकि पांच वर्षों तक विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जा सके और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत तथा विकसित राजस्थान के विजन को आगे बढ़ाया जा सके। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पंचायत चुनावों के लिए जारी किया गया ‘ग्राम विकास संकल्प पत्र’ गांवों के सर्वांगीण विकास का रोडमैप है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शहरों के समान मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। पिछले तीन से चार दशकों में गांवों से शहरों की ओर आबादी का पलायन बढ़ा है, जिससे शहरों पर जनसंख्या का दबाव भी बढ़ा है। यदि गांवों में शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार, इंटरनेट और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों, तो ग्रामीणों को बेहतर अवसरों के लिए अपना गांव छोड़ने की आवश्यकता नहीं होगी। केंद्र सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए डिजिटल माध्यमों और डीबीटी का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। इसी दिशा में ग्रामीण क्षेत्रों में भी डिजिटल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ग्राम विकास संकल्प पत्र में शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं को विशेष प्राथमिकता दी गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंख्या और जरूरतों के अनुरूप स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा उपस्वास्थ्य केंद्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें सामान्य उपचार के लिए शहरों की ओर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा को निखारने और खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में खेल मैदान विकसित करने का संकल्प लिया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के युवा अपनी खेल प्रतिभा को आगे बढ़ा सकेंगे तथा प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता भी समय की आवश्यकता है। ग्रामीण क्षेत्रों के किसान, मजदूर और पशुपालक परिवारों के बच्चों को पढ़ाई और कोचिंग के लिए शहरों में जाना पड़ता है, जहां उन्हें रहने और शिक्षा पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में अटल ज्ञान केंद्र स्थापित करने की योजना बनाई गई है। उन्होंने बताया कि अटल ज्ञान केंद्रों के माध्यम से युवाओं को इंटरनेट, ऑनलाइन शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया, परीक्षा तिथियों तथा ऑनलाइन मार्गदर्शन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इससे ग्रामीण युवा अपने गांव में रहते हुए ही शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकेंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम विकास संकल्प पत्रकेवल घोषणाओं का दस्तावेज नहीं, बल्कि गांवों को आत्मनिर्भर, सुविधासंपन्न और समृद्ध बनाने की दिशा में एक ठोस प्रयास है। भाजपा सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक गांव और प्रत्येक ढाणी तक पहुंचे। गांवों का समग्र विकास ही विकसित राजस्थान और विकसित भारत के निर्माण का मजबूत आधार बनेगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि देश में 10 परियोजनाओं में अंतरराज्यीय समझौते हुए है, इनमें से 4 राजस्थान के है, जिनसे किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों को अधिकतम लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि हम जब बजट बनाते है तो समाज के सभी वर्गों से संवाद करते है, उसी प्रकार ग्राम सभाओं में बैठकर गांव के विकास के निर्णय हो यह आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार जनता ने विधानसभा और निकाय चुनाव में आशीर्वाद दिया, उसी तरह पंचायत चुनाव में आशीर्वाद देकर ग्रामीणों की सेवा का अवसर भाजपा के कार्यकर्ताओं को मिलेगा, ताकि विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप राजस्थान के गांव, ढाणी का विकास किया जा सके।

भाजपा का‘ग्राम विकास संकल्प पत्र’, गांवों के सर्वांगीण विकास का रोडमैप : भजनलाल शर्मा
ram


