चंद्रयान-3 की चांद के दक्षिणी ध्रुव पर कामयाब लैंडिंग को 10 दिन हो चुके हैं। ISRO ने आज सूर्य की स्टडी के लिए आदित्य L1 मिशन भी लॉन्च कर दिया। इस बीच, राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ का चंद्रयान पर अजीबोगरीब बयान सामने आया है। राठौड़ ने कहा- ‘यह चंद्रयान अभियान 16 महीने पहले भी इसी प्रकार लॉन्च किया गया था। हमारे नासा के वैज्ञानिक सफलता के पास पहुंचकर भी पूरी तरह सफलता प्राप्त नहीं कर पाए थे।’
राठौड़ ने कहा- उन्होंने फिर से मेहनत की, फिर से पूरी तैयारी के साथ काम किया। इसके बाद पूरी दुनिया में हिंदुस्तान का डंका बज रहा है। इस बयान के बाद से वह सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किए जा रहे हैं।
दरअसल, राजेंद्र राठौड़ गुरुवार (31 अगस्त) को सीकर में बीजेपी के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष पवन मोदी के पदभार ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे थे। इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राठौड़ ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में दुनिया के अंतरिक्ष क्षेत्र में चंद्रयान महाअभियान का सफलतापूर्वक कार्य संपन्न हुआ है। यह चंद्रयान अभियान 16 महीने पहले भी इसी प्रकार लॉन्च किया गया था। हमारे नासा के वैज्ञानिक सफलता के पास पहुंचकर भी पूरी तरह सफलता प्राप्त नहीं कर पाए थे।
वहीं इस मुद्दे पर जब दैनिक भास्कर ने राजेंद्र राठौड़ से उनकी प्रतिक्रिया जाननी चाही तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।