विपक्ष के नेताओं को सीबीआई, ईडी द्वारा डरा-धमकाकर पार्टियां तोड़ रही है भाजपा : टीकाराम जूली

ram

जयपुर । राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली ने शिवसेना (यूबीटी) में हुई टूट और देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्षी दलों को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि जब जनता किसी राजनीतिक दल को वोट देती है तो उस दल के जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी होती है कि वे जनता की भावनाओं के अनुरूप कार्य करें। लेकिन भाजपा के सत्ता में आने के बाद लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। विपक्षी दलों के नेताओं को डराया, धमकाया और प्रलोभन देकर उनकी पार्टियां तुड़वाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले यदि कोई जनप्रतिनिधि दल बदलता था तो वह इस्तीफा देकर दोबारा चुनाव लड़ता था, लेकिन अब नया राजनीतिक चलन शुरू हो गया है, जिसमें दो-तिहाई से अधिक विधायकों या सांसदों को साथ लेकर सीधे दूसरी पार्टी में शामिल करा दिया जाता है। इसे लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा होता जा रहा है। भाजपा द्वारा देश में लोकतंत्र को योजनाबद्ध तरीके से कमजोर किया जा रहा है और जनता के जनादेश का सम्मान नहीं किया जा रहा। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा जिस प्रकार की राजनीति कर रही है, उससे देश नहीं चल सकता। भाजपा विपक्ष को समाप्त करने की सोच के साथ काम कर रही है, लेकिन इसके विपरीत विपक्ष और अधिक मजबूत हो रहा है। देश की जनता भाजपा सरकार के कामकाज को देख रही है और सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है। टीका राम जूली ने विपक्षी नेताओं पर कथित रूप से झूठे मुकदमे दर्ज किए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मजबूत विपक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, क्योंकि वही जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाता है और सरकार की गलत नीतियों पर सवाल उठाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान को कमजोर करना चाहती है, जबकि कांग्रेस संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भारत के कई पड़ोसी देशों में तख्तापलट जैसी घटनाएं हुई हैं, लेकिन भारत में संविधान की मजबूती के कारण ऐसा नहीं हो पाया। यदि केंद्र की एनडीए सरकार इसी प्रकार काम करती रही तो भविष्य में लोकतांत्रिक व्यवस्था पर संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गरीबों के वोट विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के माध्यम से काटे जा रहे हैं। इससे कुछ नहीं होगा आने वाले समय में राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *