बिरसा मुंडाः क्रांतिकारी, समाज-सुधारक और जन-आस्था के भगवान

ram

-ः ललित गर्ग
किसी महापुरुष का मूल्यांकन केवल इस आधार पर नहीं किया जाता कि उसने अपने समय में कितनी लोकप्रियता अर्जित की, बल्कि इस आधार पर किया जाता है कि उसने अपने समाज की पीड़ा को कितनी गहराई से समझा, अन्याय के विरुद्ध कितनी निर्भीकता से खड़ा हुआ और आने वाली पीढ़ियों के लिए कैसी चेतना छोड़ी। इस कसौटी पर बिरसा मुंडा भारतीय इतिहास के उन विलक्षण नायकों में दिखाई देते हैं, जिनका जीवन छोटा था, लेकिन संघर्ष विराट। मात्र लगभग 25 वर्ष की आयु में उन्होंने अंग्रेजी साम्राज्य, जमींदारी शोषण, महाजनी व्यवस्था, सामाजिक कुरीतियों और सांस्कृतिक दासता के विरुद्ध ऐसी चेतना जगाई, जिसने उन्हें केवल आदिवासी नायक नहीं, बल्कि भारतीय स्वाधीनता संघर्ष के अग्रणी जननायकों की पंक्ति में खड़ा कर दिया। आदिवासी अस्मिता, स्वतंत्रता-संग्राम, जल-जंगल-जमीन और आध्यात्मिक आस्था के प्रतीक ऊलगुलान यानी बिरसा मुंडा के संघर्ष और स्वतंत्रता की चेतना ने भारत को आजादी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्हें धरती आबा और बिरसा भगवान के रूप में पूजा जाता है। उनका संघर्ष केवल अंग्रेजों से मुक्ति का नहीं, अस्मिता, स्वाभिमान और स्वराज का महासंग्राम था
15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातु में जन्मे बिरसा मुंडा का जीवन उस भारत की कहानी है, जिसे औपनिवेशिक सत्ता केवल राजस्व और संसाधनों की दृष्टि से देखती थी। आदिवासी के लिए जंगल केवल जंगल नहीं था, जमीन केवल जमीन नहीं थी और नदी केवल पानी का स्रोत नहीं थी। वह उसकी जीवन-पद्धति, संस्कृति, आस्था और अस्तित्व का आधार थी। अंग्रेजी शासन और उससे जुड़ी जमींदारी-महाजनी व्यवस्था ने जब इस जीवन-दर्शन को चुनौती दी, तब बिरसा के भीतर विद्रोह जन्मा। यहीं बिरसा मुंडा के संघर्ष को देखने का एक नया दृष्टिकोण सामने आता है। उनका आंदोलन केवल अंग्रेजों को भारत से बाहर निकालने का राजनीतिक आंदोलन नहीं था। वह उससे कहीं अधिक व्यापक था। वह पूछ रहा था-किसका जंगल? किसकी जमीन? किसका शासन? किसकी संस्कृति? और किसके अधिकार? यही प्रश्न आगे चलकर उनके प्रसिद्ध ‘ऊलगुलान’, अर्थात् महान जनविद्रोह, की आत्मा बने।
बिरसा ने महसूस किया कि किसी समाज को केवल बाहरी सत्ता नहीं गुलाम बनाती, उसके भीतर की कमजोरियां भी उसे कमजोर करती हैं। इसलिए उन्होंने तलवार से पहले चरित्र और चेतना को अपना हथियार बनाया। उन्होंने आदिवासी समाज में फैली अंधविश्वासपूर्ण प्रवृत्तियों, नशे, सामाजिक बुराइयों और रूढ़ियों के विरुद्ध आवाज उठाई। उन्होंने लोगों को अपने धर्म, संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूक किया। हिंसा और नशे से दूर रहने, नैतिक जीवन जीने और सामूहिक एकता बनाए रखने की प्रेरणा दी। इस अर्थ में बिरसा केवल क्रांतिकारी नहीं थे, वे समाज के भीतर से समाज को बदलने वाले सुधारक भी थे। उन्होंने समझ लिया था कि जिस समाज के भीतर आत्मविश्वास मर जाता है, वह बाहरी शोषण का प्रतिरोध लंबे समय तक नहीं कर सकता। इसलिए उन्होंने पहले आदिवासी समाज में आत्मसम्मान जगाया और फिर उसे अंग्रेजी सत्ता के सामने खड़ा किया। उनका संघर्ष किसानों और आदिवासियों के उस अधिकार के लिए था जिसे औपनिवेशिक व्यवस्था ने धीरे-धीरे छीन लिया था। महाजन कर्ज देते और बदले में जमीन पर कब्जा कर लेते। जमींदारी व्यवस्था शोषण को संस्थागत रूप देती। अंग्रेजी कानून आदिवासी जीवन-पद्धति के अनुकूल नहीं थे। बिरसा ने इस पूरी व्यवस्था को चुनौती दी। उनके लिए स्वराज का अर्थ केवल सत्ता परिवर्तन नहीं था; स्वराज का अर्थ था अपनी जमीन पर अपना अधिकार, अपनी संस्कृति पर अपना अधिकार और अपने जीवन पर अपना निर्णय।
यही कारण है कि बिरसा का ‘ऊलगुलान’ इतिहास में एक असाधारण घटना बन गया। 1895 से 1900 के बीच उनका प्रभाव तेजी से बढ़ा। अंग्रेजी शासन ने उनके आंदोलन को अपने लिए गंभीर खतरे के रूप में देखा। गिरफ्तारियां हुईं, दमन हुआ, गोलियां चलीं, लेकिन आंदोलन की चेतना को कैद नहीं किया जा सका। जनवरी 1900 में डोमबाड़ी पहाड़ी की घटना ने संघर्ष को और उग्र रूप दिया। अंततः बिरसा मुंडा 3 फरवरी 1900 को गिरफ्तार हुए और 9 जून 1900 को रांची जेल में उनकी मृत्यु हो गई। उनकी मृत्यु ने उनके शरीर को समाप्त किया, लेकिन बिरसा को इतिहास से मिटाने की अंग्रेजों की कोशिश विफल हो गई। लोकगीतों, कथाओं, स्मृतियों और आदिवासी चेतना में वे जीवित रहे। यही किसी महापुरुष की वास्तविक विजय होती है-जब व्यक्ति चला जाता है, लेकिन उसका विचार समाज की सामूहिक चेतना बन जाता है। और यहीं बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व का सबसे अद्भुत पक्ष सामने आता है-वे आदिवासी समाज के लिए केवल नायक नहीं रहे, ‘भगवान’ बन गए। झारखंड और आसपास के क्षेत्रों में उन्हें श्रद्धा से ‘बिरसा भगवान’ और ‘धरती आबा’ कहा जाता है। यह केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है। इसके पीछे उस समाज की गहरी कृतज्ञता है, जिसने बिरसा में अपने अस्तित्व की रक्षा करने वाले मसीहा को देखा। जिस व्यक्ति ने उनकी धरती, संस्कृति, सम्मान और अधिकार के लिए अपना जीवन न्योछावर किया, वह उनके लिए देवतुल्य हो गया।
आज बिरसा मुंडा को राष्ट्रीय स्मृति में जिस व्यापकता से प्रतिष्ठा मिली है, उसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय है। प्रधानमंत्री मोदी ने बिरसा को केवल आदिवासी समुदाय के नायक के रूप में नहीं, बल्कि पूरे भारत के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय अस्मिता के नायक के रूप में जन-जन तक पहुंचाया। 2021 में 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा इसी राष्ट्रीय पुनर्स्मरण का महत्वपूर्ण पड़ाव बनी। 2024 से 2025 तक बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर देशभर में जनजातीय गौरव वर्ष के कार्यक्रम हुए। 2024 में प्रधानमंत्री ने बिहार के जमुई में स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी किया तथा जनजातीय क्षेत्रों के विकास से जुड़े अनेक कार्यक्रमों की शुरुआत की। 2025 में उनकी 150वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री ने गुजरात के डेडियापाड़ा में फिर बिरसा मुंडा को राष्ट्रीय श्रद्धांजलि दी और कहा कि भारत की स्वतंत्रता, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा में जनजातीय समाज अग्रिम पंक्ति में रहा है। च्तमेे प्दवितउंजपवद ठनतमंन
मोदी द्वारा बिरसा मुंडा को राष्ट्रीय विमर्श के केंद्र में लाने का महत्व केवल इतना नहीं कि एक महान आदिवासी नायक को उचित सम्मान मिला। इससे भारतीय इतिहास को देखने का दृष्टिकोण भी व्यापक हुआ है। अब स्वतंत्रता संग्राम की कथा केवल दिल्ली, मुंबई, कोलकाता या बड़े राजनीतिक केंद्रों की कथा नहीं रही; उसमें जंगलों, पहाड़ों और आदिवासी अंचलों के उन असंख्य संघर्षों को भी स्थान मिल रहा है, जिन्होंने ब्रिटिश सत्ता को चुनौती दी। सरकार ने जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के इतिहास और संस्कृति को संरक्षित करने के लिए संग्रहालयों सहित अनेक पहल भी की हैं। बिरसा मुंडा की प्रासंगिकता इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि आज विकास और पर्यावरण के प्रश्नों के बीच जल, जंगल और जमीन का सवाल फिर हमारे सामने है। बिरसा हमें याद दिलाते हैं कि विकास का अर्थ किसी समुदाय को उसकी जड़ों से काट देना नहीं हो सकता। जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना हो तो उसकी संस्कृति, परंपरा, सामुदायिक जीवन और प्राकृतिक संसाधनों के प्रति उसके अधिकार-बोध का सम्मान भी जरूरी है।
आज बिरसा मुंडा को याद करना केवल उनकी प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाना नहीं है। इसका अर्थ है-वंचित के स्वाभिमान की रक्षा करना, प्रकृति के प्रति संवेदनशील होना, शोषण के विरुद्ध आवाज उठाना और भारत के उन नायकों को इतिहास में उनका उचित स्थान देना जिन्हें लंबे समय तक हाशिए पर रखा गया। बिरसा का जीवन हमें यह भी बताता है कि महान क्रांतियां हमेशा बड़े महलों से नहीं जन्म लेतीं। कभी-कभी वे जंगल की पगडंडियों से निकलती हैं, किसी साधारण युवक की आवाज बनती हैं और देखते-देखते साम्राज्य की नींव हिला देती हैं। बिरसा मुंडा की उम्र भले ही छोटी रही, लेकिन उनका संघर्ष कालजयी हो गया। उनका शरीर जेल में समाप्त हुआ, लेकिन उनका विचार आज भी आजाद है। वे आदिवासी समाज के भगवान इसलिए बने क्योंकि उन्होंने उनके भीतर भगवान जैसी शक्ति-आत्मसम्मान, स्वाभिमान और स्वतंत्रता को जगाया। इसलिए बिरसा मुंडा को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उन्हें केवल इतिहास की पुस्तक का पात्र न बनाएं, बल्कि न्याय, स्वाभिमान, प्रकृति और मनुष्य की गरिमा के प्रहरी के रूप में समझें। धरती आबा की यही पुकार आज भी सुनाई देती है-अपनी जड़ों से जुड़ो, अपने अधिकार पहचानो और अन्याय के सामने कभी मत झुको।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *