बिहार : एडीबी का कर्ज, बिहार का पैसा और भाजपा का गुणगान, ‘नीतीश सेतु’ पर रोहिणी का तंज

ram

पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का उद्घाटन कर इसे बिहारवासियों को समर्पित करेंगे। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। हालांकि, उद्घाटन से पहले ही इस पुल को लेकर बिहार में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की पुत्री रोहिणी आचार्य ने पुल के निर्माण में केंद्र सरकार के योगदान को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। रोहिणी आचार्य ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि पुल के निर्माण में केंद्र की मोदी सरकार का एक रुपया भी नहीं लगा है, इसके बावजूद भाजपा इसके निर्माण का श्रेय लेने में जुटी है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “शून्य योगदान, झूठा गुणगान.. एडीबी का कर्ज, जनता का पैसा, मगर भाजपा का झूठा ढोल..!” उन्होंने दावा किया कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के निर्माण के लिए एशियाई विकास बैंक (एडीबी) से तीन हजार करोड़ रुपये का कर्ज लिया गया जबकि दो हजार करोड़ रुपये बिहार के आंतरिक स्रोतों से उपलब्ध कराए गए। इसके बावजूद भाजपा और केंद्र सरकार के नेता इस परियोजना का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं। रोहिणी ने कहा कि पुल के निर्माण में मोदी सरकार का कोई योगदान नहीं है लेकिन भाजपा के नेता इस तरह प्रचार कर रहे हैं, मानो केंद्र सरकार ने बिहार पर कोई बड़ा एहसान किया हो।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता बिना किसी योगदान के अपनी पीठ थपथपा रहे हैं और मोदी का गुणगान करने में जुटे हैं। इससे पहले विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने पर तंज कस चुके हैं। पुल के नामकरण और निर्माण में केंद्र तथा राज्य सरकार के योगदान को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल को उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क बेहतर बनाने वाली महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। इसके उद्घाटन को लेकर जहां सरकार तैयारियों में जुटी है, वहीं विपक्ष के हमलों से इसके साथ राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *