भीलवाड़ा। जिले के बिजौलिया में नगर पालिका चौराहे पर विगत रात्रि को बाइक सवार दो लुटेरों ने मंदिर से दर्शन कर पैदल अपने घर लौट रही वृद्ध महिला से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए. लूट की वारदात के बाद वहा लोगो की भीड़ जुट गई मगर लुटेरे नो दो ग्यारह हो गए । पीड़ित महिला के पौत्र ने बताया कि रात करीब 9 बजे जब दादी कमला सेठिया मंदिर से लौट रहीं थीं और घर के पास पहुंचीं, तभी पीछे से एक युवक ने “राम-राम माताजी” कहकर उन्हें आवाज दी। जैसे ही उन्होंने पीछे मुड़कर देखा, बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और दोनों मंदाकिनी रोड की ओर तेज़ रफ्तार में भाग निकले। घटना के समय क्षेत्र में मौजूद लोगों ने शोर मचाकर बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे संकरी गली में आंखों से ओझल हो गए। प्रत्यक्षदर्शी एक दुकानदार के अनुसार, बदमाशों ने हेलमेट या नकाब नहीं पहना था। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले लेकिन बदमाश फुटेज की कैद मे नहीं हो सके। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रिपोर्ट दर्ज की गई। रात में ही नाकाबंदी कर लुटेरों की तलाश शुरू की गई, लेकिन खबर लिखें जाने तक कोई सुराग नहीं लगा है। इस घटना से पालिका चौराहा क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की पुर जोर मांग की है।

भीलवाड़ा : राम-राम माताजी” कहकर, वृद्ध महिला से लूट ली सोने की चेन
ram


