कृषि उद्यमों के श्रेष्ठ किसान होंगे पुरस्कृत

ram

कोटा। आत्मा योजनान्तर्गत वर्ष 2024-25 में राज्य, जिला तथा पंचायत समिति स्तर पर विभिन्न कृषि उद्यमों के श्रेष्ठ कृषकों को पुरस्कृत किया जाएगा। आवेदन भिजवाने की अंतिम तिथि 31 अगस्त है।
परियोजना निदेशक आत्मा आर.के. जैन ने बताया कि जिले की प्रत्येक पंचायत समिति में कृषि से संबद्ध गतिविधियों जैसे कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन व डेयरी, जैविक खेती तथा नवाचारी खेती में एक-एक किसान का चयन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि पांचों पंचायत समितियों में अधिकतम 25 प्रगतिशील कृषक पुरस्कृत हो सकेंगे। पंचायत समिति स्तर पर चयनित किसानों में से प्रत्येक गतिविधिवार दो किसान 10 श्रेष्ठ किसानों को जिला स्तर पर चयनित किया जाएगा। राज्य स्तर के पुरस्कार के लिए जिला स्तर पर प्रथम स्तर के चयनित किसानों में से प्रत्येक गतिविधि के लिए दो-दो किसानों का चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना के तहत गत वर्षों में पुरस्कृत कृषक वर्ष 2023-24 के पुरस्कार के लिए पात्र नहीं होंगे।
उन्होंने बताया कि पुरस्कार के लिए प्रत्येक गतिविधिवार पंचायत समिति स्तर पर 10 हजार रूपये, जिला स्तर पर 25 हजार रूपये एवं राज्य स्तर पर 50 हजार रूपये का पुरस्कार तथा प्रशस्ति पत्र दिए जाने का प्रावधान है। कृषक अपना आवेदन विभाग द्वारा निर्धारित प्रपत्र में भरकर उत्कृष्ट कार्यों की जानकारी मय सीडी एवं फोटो ग्राफ, प्रमाण-पत्र यदि कोई है, सहित कृषि पर्यवेक्षक, सहायक कृषि अधिकारी, सहायक निदेशक कृषि विस्तार सांगोद, जिला विस्तार अधिकारी सीएडी कोटा एवं सुल्तानपुर पशुपालन विभाग, उद्यान विभाग के माध्यम से उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक आत्मा कोटा को प्रस्तुत कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *