– जिला कलेक्टर द्वारा विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव हेतु आमजन को सतर्क रहने की अपील
ब्यावर। जिला कलेक्टर श्री कमल राम मीना ने वर्षा ऋतु के दौरान विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव हेतु आमजन से सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने विशेषकर शोभायात्राओं, धार्मिक जुलूसों एवं खेतों में कार्यरत किसानों को बिजली से जुड़ी सावधानियों का पालन करने का आग्रह किया है, जिससे अनहोनी घटनाओं को रोका जा सके। कलेक्टर ने निम्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने की अपील की है। बिजली के खंभों को न छुएं तथा उनके समीप मवेशियों को न बांधें। विद्युत लाइनों के नीचे किसी भी प्रकार का आयोजन न करें। खेतों में विद्युत लाइनों के नीचे चारापात अथवा अन्य कृषि उत्पादों का भण्डारण न करें। जानवरों को रोकने हेतु खेतों में विद्युत बाड़ (फेसिंग) में करंट न प्रवाहित करें। खेतों की मेड या खेत में लगे बिजली के खंभों के पास उचित दूरी बनाकर जुताई करें। किसी भी प्रकार की स्पार्किंग दिखने पर तुरंत फीडर इंचार्ज, जेईएन या संबंधित सब-स्टेशन को सूचित करें। बारिश के दौरान यदि खंभों पर तेज स्पार्किंग हो और पास में पानी भरा हो, तो उस मार्ग से न जाएं एवं दूसरों को भी सावधान करें। बड़े वाहनों की छत पर यात्रा करने से बचें। यदि कोई बिजली लाइन ढीली या जमीन पर गिर गई हो, तो तुरंत संबंधित अधिकारी को सूचित करें। किसी भी विद्युत उपकरण को बिना जानकारी छूने या खोलने से बचें। बारिश के मौसम में नमी के कारण करंट का खतरा अधिक रहता है, अत: ट्रांसफार्मर, पोल, तार या स्टे तार से दूरी बनाए रखें। बिजली चमकने या गडग़ड़ाने की स्थिति में खुले में बाहर न जाएं और किसी भी विद्युत उपकरण को न छुएं। बिजली दुर्घटना होने पर तत्काल यह करें- फीडर की बिजली बंद करवाएं। सूखे स्थान पर खड़े होकर प्लास्टिक या लकड़ी के सूखे इंसुलेटेड डंडे से पीड़ित को विद्युत संपर्क से अलग करें। स्वयं को भी सुरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है। अंतत:, यदि अधिक वर्षा के कारण पोल या ट्रांसफॉर्मर टेढ़े हो गए हों अथवा कोई विद्युत खतरा प्रतीत हो, तो तुरंत अजमेर डिस्कॉम के टोल फ्री नम्बर 1800-180-6565 पर सूचित करें।
जिला प्रशासन आमजन से आग्रह करता है कि बरसात के इस मौसम में विद्युत सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन कर स्वयं, अपने परिवार व समाज को सुरक्षित रखें।

ब्यावर : बिजली से जुड़ी सावधानियों का पालन करें–कमल मीना
ram


