बारां। जिला प्रभारी सचिव टीकम चंद बोहरा जिले के शाहबाद एवं किशनगंज क्षेत्र में शुक्रवार को भ्रमण पर रहे। इस दौरान उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं जनजातीय कल्याणकारी योजनाओं के कार्यों का निरीक्षण कर जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रभारी सचिव सबसे पहले शाहबाद के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने छात्राओं से संवाद कर आवासीय व्यवस्था, शिक्षा की गुणवत्ता एवं पोषण आहार की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने छात्रावास, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समरानियां तथा सहरिया जनजाति बालिका छात्रावास, खुशियारा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रगतिरत विकास कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनजातीय कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचना चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से फील्ड में रहकर योजनाओं की मॉनिटरिंग करें और लाभार्थियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। भ्रमण के दौरान उन्होंने भारी वर्षा के कारण शाहबाद एवं आस-पास के क्षेत्रों में हुए जलभराव की स्थिति व राहत कार्यों के बारे में जानकारी भी ली और संबंधित विभागों को अतिवृष्टि जनित समस्याओं के समाधान के लिए निर्देश दिए। प्रभारी सचिव ने अधिकारियों से कहा कि वे आमजन के बीच जाकर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का अवलोकन करें तथा जरूरतमंदों को समय पर लाभान्वित करें। प्रभारी सचिव ने निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से संवाद भी किया। इस अवसर पर एडीएम जबर सिंह, एसडीएम मुकेश मीणा, कॉपरेटिव बैंक के एमडी सौमित्र मंगल, तहसीलदार दशरथ मीणा, शाहबाद तहसीलदार अनिता सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बारां : जिला प्रभारी सचिव ने किया विकास कार्यों का निरीक्षण, योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
ram


