जयपुर। हरियाली अमावस्या के अवसर पर राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बुधवार को विधान सभा परिसर में पौधारोपण किया। देवनानी ने परिसर में आम के पौधे लगाए। देवनानी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण तथा हरित राजस्थान का संकल्प जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हरियाली अमावस्या भारतीय लोकजीवन में प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और उसके संरक्षण का पर्व है। वर्षा ऋतु में मनाया जाने वाला यह पर्व हरियाली, वृक्षारोपण और प्रकृति के संवर्धन से जुड़ा है। राजस्थान की लोकपरंपरा में भी हरियाली अमावस्या का विशेष महत्व है। इस अवसर पर लोग पौधारोपण कर प्रकृति के संरक्षण और पर्यावरण को समृद्ध बनाने का संकल्प लेते हैं। विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण को सदैव विशेष महत्व दिया गया है। वृक्ष पर्यावरण को संतुलित रखने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की आधारशिला भी हैं। हरियाली अमावस्या जैसे पर्व प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का स्मरण कराते हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिकाधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण और संवर्धन पर बल दिया। विधानसभा परिसर में हुए इस पौधारोपण कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वृक्ष संवर्धन और हरित परिसर के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर राजस्थान विधान सभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा ओर विशिष्ट सहायक के.के. शर्मा ने भी आम के पौधे लगाये।

विधान सभा अध्यक्ष ने हरियाली अमावस्या पर विधान सभा परिसर में लगाए आम के पौधे, हरियाली अमावस्या पर्व प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का कराते है स्मरण- देवनानी
ram


