अलवर जिला प्रभारी मंत्री एवं कृषि मंत्री डॉ. किरोडी लाल मीणा ने भामाशाह सम्मान एवं होली मिलन समारोह में की शिरकत

ram

जयपुर। जिला प्रभारी मंत्री एवं कृषि एवं उद्यानिकी विभाग मंत्री डॉ. किरोडी लाल मीणा ने रविवार को अलवर जिले के अंबेडकर नगर में मीणा बालिका छात्रावास में आयोजित भामाशाह सम्मान एवं होली मिलन समारोह में शिरकत कर भामाशाहों का माला पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मान किया। जिला प्रभारी मंत्री और कृषि एवं उद्यानिकी विभाग मंत्री डॉ. किरोडी लाल मीणा ने संबोधित करते हुए कहा कि समाज के उत्थान में भामाशाह की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बालिका छात्रावास के निर्माण में सहयोग देने वाले भामाशाहों को साधुवाद देते हुए कहा कि समाज की बालिकाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए बालिका छात्रावास का निर्माण कराना एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि भामाशाह सम्मान समारोह सामाजिक एकता, सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करने का माध्यम भी है। इस दौरान डॉ मीणा ने कप्तान छुट्टन लाल मीणा के समाज के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण योगदान को दृष्टांकित किया एवं अलवर में उनके नाम से बने कप्तान छुट्टन लाल मीणा छात्रावास के पुनर्निर्माण की आवश्यकता के दृष्टिगत समाज एवं परिवार की सहमति पश्चात पुनर्निर्माण हेतु सहयोगार्थ ढाई करोड रुपए की राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने बालिका छात्रावास निर्माण के लिए सहयोगार्थ एक कमरा निर्माण के लिए राशि एवं एक माह के वेतन को देने की घोषणा की। कार्यक्रम में थानागाजी विधायक कांति प्रसाद, राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ विधायक मांगीलाल मीणा, नसरू खां, के. एल. मीणा, पी.एल मीणा, आर.डी मीना, बी.पी. मीणा सहित छात्रावास निर्माण व संचालन समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *