अजमेर:प्राध्यापक एवं कोच प्रतियोगी परीक्षा-2024 के लिए नियंत्रण कक्ष की स्थापना, राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा 23 जून से 4 जुलाई तक किया जाएगा परीक्षा का आयोजन

ram

जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा दिनांक 23 जून से 04 जुलाई 2025 तक प्राध्यापक एवं कोच प्रतियोगी परीक्षा-2024 (माध्यमिक शिक्षा विभाग) का आयोजन किया जाएगा। उक्त अवधि में विभिन्न पारियों में विभिन्न विषयों से संबंधित परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। जयपुर स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर 3 लाख 22 हजार 880 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। अतिरिक्त जिला कलक्टर (जयपुर शहर-पूर्व) गोपाल सिंह शेखावत ने बताया कि परीक्षा के सुचारू एवं सफल संचालन के लिये कलेक्ट्रेट के कमरा नम्बर 116 में एक नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है जिसका संचालन 21 जून, 2025 से 04 जुलाई 2025 तक किया जाएगा। नियंत्रण कक्ष 21 जून एवं 22 जून 2025 तक प्रात: 10 बजे से सांय 6 बजे तक कार्य करेगा। वहीं, 23 जून से 04 जुलाई तक प्रात: 7 बजे से परीक्षा समाप्ति उपरान्त नियंत्रण कक्ष से संबंधित समस्त कार्य पूर्ण होने तक कार्य करेगा। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए उप समन्वयकों एवं उड़नदस्तों की भी नियुक्ति की गई है। उन्होंने बताया कि जयपुर स्थित परीक्षा केन्द्रों के लिए नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नम्बर 0141-2206699 रहेगा। उक्त नियंत्रण कक्ष पर जयपुर में स्थापित किये गए परीक्षा केंद्रों से संबंधित जानकारियां प्रदान की जाएंगी एवं जयपुर स्थित परीक्षा केंद्रों से संबंधित शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। परीक्षा के आयोजन के लिए पुलिस, नगर निगम, यातायात पुलिस, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, नागरिक सुरक्षा विभाग, विद्युत विभाग, रोडवेज, जेसीटीसीएल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *