मुख्य सचिव से एडीबी कंट्री डायरेक्टर मियो ओका की शिष्टाचार भेंट

ram

जयपुर। मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास से सोमवार को एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) की कंट्री डायरेक्टर (इंडिया) सुश्री मियो ओका ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राजस्थान में एडीबी के सहयोग से संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न परियोजनाओं, आगामी पांच वर्षों में राज्य के साथ साझेदारी को और मजबूत करने तथा नए क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान एडीबी द्वारा वित्त-पोषित जयपुर मेट्रो परियोजना के लिए , राजस्थान अर्बन लाइवेबिलिटी इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट (RULIP) तथा PRITHWI परियोजना के लिए सहयोग प्रदान करने की प्रतिबद्धता की व्यक्त की गई। एडीबी कंट्री डायरेक्टर ने राजस्थान के साथ आगामी पांच वर्षों में दीर्घकालीन एवं व्यापक साझेदारी के तहत राज्य में लगभग 2 बिलियन अमेरिकी डॉलर की परियोजनाओं को सहयोग प्रदान करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। इस दौरान राज्य में विकास की नई आवश्यकताओं के अनुरूप परियोजनाओं की पहचान एवं उनके शीघ्र क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई। एडीबी द्वारा राजस्थान में सहयोग के लिए सिंचाई, नवीकरणीय ऊर्जा तथा एसेट मोनेटाइजेशन जैसे क्षेत्रों में परियोजनाएं विकसित करने का सुझाव दिया गया। प्रदेश की प्राथमिकताओं के अनुरूप इस क्षेत्रों में परियोजनाओं को चिन्हित कर एडीबी के सहयोग से आगे बढ़ाने के लिए आश्वस्त किया गया। मुख्य सचिव ने एडीबी के सहयोग से राज्य में संचालित परियोजनाओं के महत्व को रेखांकित करते हुए आगामी परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाने तथा राज्य की विकास प्राथमिकताओं के अनुरूप नए क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। एडीबी कंट्री डायरेक्टर ने राजस्थान में नागरिक सुविधाओं में सुधार, आधारभूत संरचना के विकास तथा राज्य की आर्थिक प्रगति को गति देने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। इस दौरान आयोजना विभाग के शासन सचिव डॉ. रवि कुमार सुरपुर, विशिष्ट शासन सचिव वित्त (बजट) श्रीमती शिवांगी स्वर्णकार सहित संबंधित अधिकारी और एडीबी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *