जयपर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में प्रदेशभर में संचालित “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन तथा अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह एवं संयुक्त आयुक्त डॉ. विजय प्रकाश शर्मा के सुपरवीजन में जयपुर मुख्यालय की सेंट्रल टीम के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने गुरुवार को होटल लेमन ट्री, बनीपार्क, जयपुर का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान टीम ने पनीर एवं बाटी के एक-एक नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लिए। इन नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान होटल में पाई गई एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री के रूप में ब्रेड के 6 पैकेट, 1-1 किलोग्राम के पीनट बटर के 2 जार तथा स्वीट कॉर्न के 6 टिन मौके पर ही नष्ट करवाए गए। टीम ने यह भी पाया कि होटल के चाइनीज फूड मेन्यू पर मोनोसोडियम ग्लूटामेट से संबंधित आवश्यक चेतावनी अंकित नहीं थी। इसके अलावा निरीक्षण के दौरान सामने आई अन्य कमियों के संबंध में होटल प्रबंधन को अलग से इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, नमूनीकरण तथा नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी

शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान के तहत जयपुर स्थित होटल लेमन ट्री पर कार्रवाई, पनीर एवं बाटी के नमूने लिए, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री नष्ट कराई
ram


