मोती डुंगरी गणेश मंदिर से आज शाम निकलेगी शोभायात्रा

ram

जयपुर। जयपुर के प्रसिद्ध मोती डूंगरी गणेश मंदिर से आज शाम 4 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी। ऋषि पंचमी के मौके पर निकलने वाली यह 38वीं शोभायात्रा मोती डूंगरी रोड से शुरू होकर सांगानेरी गेट, जौहरी बाजार, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, गणगौरी बाजार, चौगान चौराहा और ब्रह्मपुरी होते हुए गढ़ गणेश मंदिर पहुंचेगी। यहां महंत परिवार की ओर से आरती की जाएगी। शोभायात्रा को देखते हुए शहर के कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक बदला रहेगा। कुछ रास्तों पर वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी। वहीं कुछ जगहों से वाहनों को दूसरे रास्तों से भेजा जाएगा।

80 से ज्यादा झांकियां होंगी शामिल
महंत कैलाश शर्मा ने बताया कि शोभायात्रा में 80 से ज्यादा झांकियां शामिल होंगी। इनमें 20 से ज्यादा इलेक्ट्रॉनिक झांकियां होंगी। पृथ्वी पर नृत्य करते गणेशजी, पिता शिव की पीठ पर खेलते बालरूप, नीले घोड़े पर सवार गणेशजी और शेषनाग पर नृत्य करते बप्पा की झांकियां आकर्षण रहेंगी। रिद्धि-सिद्धि के साथ घूमर नृत्य की झांकी भी होगी। पूरे रास्ते में शोभायात्रा का पुष्पवर्षा से स्वागत किया जाएगा।

परकोटा में सिटी बसों की आवाजाही बंद रहेगी
परकोटा क्षेत्र में JCTSL और सिटी बसें नहीं चलेंगी।
गोपालपुरा से यादगार तिराहे की तरफ आने वाली JCTSL बसों को लक्ष्मी मंदिर से सहकार मार्ग की तरफ भेजा जाएगा।
यादगार तिराहे से गोपालपुरा की तरफ जाने वाली बसों को जरूरत पड़ने पर अशोका टी-पॉइंट से अशोका मार्ग की तरफ भेजा जाएगा।
एमआई रोड पर ज्यादा ट्रैफिक होने पर बसों के रास्ते में भी बदलाव किया जाएगा।

रोडवेज बसों के लिए भी बदला रास्ता
दिल्ली रोड से सिंधी कैंप आने वाली रोडवेज बसें चंदवाजी से एक्सप्रेस हाईवे, रोड नंबर 14 पुलिया, सर्विस रोड और सीकर रोड होते हुए विद्याधर नगर आगार बस स्टैंड जाएंगी।
सिंधी कैंप से दिल्ली रोड जाने वाली बसें पानीपेच तिराहा, चौमूं तिराहा, सीकर रोड, रोड नंबर 14 पुलिया और एक्सप्रेस हाईवे होते हुए दिल्ली रोड जाएंगी।
सिंधी कैंप से आगरा रोड जाने वाली रोडवेज बसें रोटरी सर्किल स्थित रोडवेज बस स्टैंड से चलेंगी।
लोक परिवहन और स्लीपर बसों के लिए भी दिल्ली रोड और सिंधी कैंप के बीच यही वैकल्पिक रास्ते रहेंगे।
सिंधी कैंप के आसपास से आगरा रोड जाने वाली लोक परिवहन और स्लीपर बसें प्राइवेट बस स्टैंड, टीपी नगर से चलेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *