बालोतरा/जयपुर /जोधपुर। राजस्थान के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री Narendra Modi ने शनिवार को बालोतरा जिले के पचपदरा से लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे । इन परियोजनाओं में ऊर्जा, पेट्रोकेमिकल्स, रेलवे, मेट्रो, सड़क, सौर ऊर्जा और विद्युत पारेषण जैसी अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि इन परियोजनाओं से राजस्थान देश के औद्योगिक और ऊर्जा मानचित्र पर नई पहचान स्थापित करेगा तथा पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। सबसे बड़ी उपलब्धि के रूप में प्रधानमंत्री ने पचपदरा में भारत की पहली ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स राष्ट्र को समर्पित की। 79,450 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित यह परियोजना 9 मिलियन मीट्रिक टन प्रतिवर्ष (एमएमटीपीए) क्षमता वाली है। इसे Hindustan Petroleum Corporation Limited और राजस्थान सरकार के संयुक्त उपक्रम के रूप में विकसित किया गया है। यह अत्याधुनिक रिफाइनरी केवल पेट्रोलियम उत्पादों का उत्पादन ही नहीं करेगी, बल्कि 2.4 मिलियन मीट्रिक टन प्रतिवर्ष पेट्रोकेमिकल उत्पादन की क्षमता भी रखती है। इसका नेल्सन कॉम्प्लेक्सिटी इंडेक्स 17.0 है, जो इसे विश्वस्तरीय आधुनिक रिफाइनरियों की श्रेणी में स्थापित करता है। परियोजना से भारत की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी, पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और राजस्थान में प्लास्टिक एवं पेट्रोकेमिकल उद्योगों के बड़े क्लस्टर विकसित होने का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा तथा बालोतरा, बाड़मेर और पश्चिमी राजस्थान की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री ने जयपुर मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण की भी आधारशिला रखी जाएगी । 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली इस परियोजना के अंतर्गत प्रह्लादपुरा से तोड़ी मोड़ तक 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण मेट्रो कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इसमें 36 स्टेशन होंगे, जो सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र, विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र (वीकेआई), जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल, एसएमएस स्टेडियम, अंबाबाड़ी और विद्याधर नगर जैसे प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ेंगे। इस परियोजना से जयपुर में सार्वजनिक परिवहन और यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा तथा लाखों लोगों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। रेल अवसंरचना को सुदृढ़ करते हुए प्रधानमंत्री ने लगभग 900 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित चूरू–सादुलपुर (58 किमी) तथा चूरू–रतनगढ़ (46 किमी) रेल लाइन दोहरीकरण परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया। कुल 104 किलोमीटर लंबी इन परियोजनाओं से उत्तर-पश्चिम राजस्थान में रेल संचालन की क्षमता बढ़ेगी, माल एवं यात्री ट्रेनों की आवाजाही सुगम होगी और क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री ने जोधपुर रिंग रोड के खंड-2 (कारवार–डांगियावास) पर एनएच-125ए के चार लेन निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। लगभग 740 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना जोधपुर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात को सुगम बनाएगी तथा यात्रा समय में कमी लाएगी। स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भी राजस्थान को बड़ी सौगात मिली। प्रधानमंत्री ने SJVN Limited की 1,000 मेगावाट बीकानेर सौर ऊर्जा परियोजना राष्ट्र को समर्पित की, जिसे लगभग 5,500 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। इसमें 24.22 लाख स्वदेशी सौर मॉड्यूल लगाए गए हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने NHPC Limited के 300 मेगावाट करणीसर बीकानेर सौर ऊर्जा संयंत्र का भी लोकार्पण किया, जिसमें लगभग 7.75 लाख स्वदेशी सौर पीवी सेल एवं मॉड्यूल लगाए गए हैं। ऊर्जा अवसंरचना को और मजबूत बनाने के लिए प्रधानमंत्री ने 1,900 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित राजस्थान नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र (आरईजेड) की बिजली निकासी के लिए ट्रांसमिशन लाइन का उद्घाटन करेंगे । साथ ही 530 किलोमीटर लंबी नई ट्रांसमिशन प्रणाली की आधारशिला भी रखेंगे । इन परियोजनाओं से राजस्थान में उत्पादित सौर एवं पवन ऊर्जा को राष्ट्रीय ग्रिड तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी और राज्य में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित लगभग 54 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए। इनमें शिक्षा, ऊर्जा, गृह, पंचायती राज, परिवहन, उच्च शिक्षा, कौशल विकास, कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी, योजना और प्रशासनिक सुधार सहित कई विभागों के नवचयनित कर्मचारी शामिल हैं। इस पहल को राज्य में युवाओं के लिए रोजगार के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

बालोतरा से राजस्थान को विकास का मेगा तोहफा: प्रधानमंत्री मोदी करेंगे 1.06 लाख करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास
ram


