खान विभाग की एकमुश्त समाधान योजना में खनन पट्टाधारक 22 जनवरी तक जमा करा सकेंगे मांग राशि

ram

जयपुर। खनन पट्टाधारकों द्वारा ड्रोन सर्वे कराकर वोल्यूमेट्रिक एसेसमेंट रिपोर्ट संबंधित खनि अभियंता या सहायक खनि अभियंता कार्यालय में प्रस्तुत करने वाले खान धारक एकमुश्त समाधान योजना का लाभ 22 जनवरी, 2027 तक प्राप्त कर सकेंगे। राज्य सरकार के खान विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार संबंधित खनि अभियंता या सहायक खनि अभियंता कार्यालय में 31 मार्च, 2026 तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने वाले खानधारकों को विभागीय मांग के संबंध में 22 दिसबर, 26 तक सूचित किया जा सकेगा, वहीं संबंधित खान धारकों को मांग के अनुसार राशि एकमुश्त या किस्त में चुकाने की सुविधा 22 जनवरी, 2027 तक दी गई है। उल्लेखनीय है कि खनन पट्टों में वोल्यूमेट्रिक असेसमेंट एवं खनिज निर्गमन के आंकड़ों के आधार पर उत्पन्न विसंगतियों के प्रकरणों के निराकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा एकमुश्त समाधान योजना जारी की गई थी। योजना के अनुसार खनन पट्टाधारियों को खनन पट्टा क्षेत्र एवं 100 मीटर परिधि का ड्रोन सर्वे कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करनी थी। संशोधित अवधि के अनुसार ड्रोन सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 मार्च, 2026 थी और संबंधित कार्यालय द्वारा 30 अप्रेल 26 तक योजना के अनुसार मांग प्रेषित करने और खनन पट्टाधारकों को 31 अक्टूबर 2026 तक मांग के अनुसार राशि जमा कराने की अवधि निर्धारित थी। राज्य सरकार ने खनन पट्टाधारकों को राहत देते हुए 31 मार्च, 2026 तक प्राप्त रिपोर्टों पर 22 दिसंबर तक मांग की सूचना देने और खनन पट्टाधारक मांग के अनुसार 22 जनवरी, 2027 तक राशि जमा कराकर एकमुश्त समाधान योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *