संविधान के नाम पर सरकार और विपक्ष में महासंघर्ष

ram

– बाल मुकुन्द ओझा
भारत में हर साल संविधान दिवस 26 नवम्बर को मनाया जाता है। संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को भारत के संविधान को अपनाया था, यही कारण है कि 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। देश में संविधान दिवस हम ऐसे समय में मनाने जा रहे है जब इसे लेकर सरकार और विपक्ष में घमासान मचा है। दोनों ही पक्ष एक दूसरे पर संविधान के खिलाफ काम करने का आरोप लगा रहे है। कांग्रेस पार्टी और इसके नेता राहुल गांधी आरोप लगा रहे है की सत्तारूढ़ भाजपा सरकार संविधान बदलने के प्रयास में जुटी है ताकि संवैधानिक संस्थाओं पर मनमाना कब्ज़ा किया जा सके। विपक्ष पार्टियों ने पिछले लोकसभा चुनाव में मोदी सरकार पर संविधान बदलने की मंशा का आरोप लगाकर अभियान चलाया और माना जा रहा है कि इससे विपक्षी गठबंधन इंडिया गठबंधन को काफी फायदा भी हुआ है। राहुल गांधी संविधान की कॉपी लेकर लोकसभा चुनावों के समय से चल रहे हैं। चुनाव के परिणाम आने के बाद भी वह संविधान की कॉपी साथ में रख रहे हैं और उसकी ‘रक्षा’ करने के दावे करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। दूसरी तरफ केंद्र की मोदी सरकार ने इमरजेंसी को लेकर एक बड़ा फैसला किया है। सरकार ने देश में इमरजेंसी के दिन को अब संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया है। मोदी सरकार ने देश में 25 जून 1975 को लगी इमरजेंसी को लोकतंत्र की आत्मा का गला घोंटने वाला दिन बताया है। सरकार का कहना है कि यह दिन उन लोगों के योगदान की याद दिलाएगा जिन्होंने 1975 के आपातकाल का अमानवीय दर्द झेला है। भाजपा कह रही है असल में कांग्रेस के शासनकाल में ही 80 बार देश का संविधान बदला जा चुका है। एक मीडिया रिपोर्ट से पता चला है कि भारतीय गणतंत्र के पहले 14 वर्षों में ही देश का संविधान 17 बार बदला गया था। यह कार्यकाल देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का था। इसी भांति इंदिरा गांधी के शासनकाल में 40 बार से ज्यादा संविधान को बदलने का प्रयास हुआ। राजीव गांधी के कार्यकाल में भी कम से कम 11 बार संविधान में संशोधन किया गया। बहुचर्चित शाह बानो केस में सर्वोच्च अदालत का फैसला पलटना भी उनके कार्यकाल के इतिहास में दर्ज है।
बहरहाल आरोप प्रत्यारोप के बीच हम बात कर रहे है देश के संविधान की। भारत में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इस दिन साल 1949 में भारत का संविधान अपनाया गया था। संविधान दिवस को मनाने की पहली बार 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषणा की गई थी। इस दिन को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की संविधान के प्रति अमूल्य योगदान को सम्मानित करने और संविधान के महत्व को समझाने के लिए मनाया जाता है। इसका उद्देश्य भारतीय संविधान के सिद्धांतों, जैसे कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है संविधान दिवस के अवसर पर सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों में भारतीय संविधान से संबंधित कई कार्यक्रम, चर्चाएं और व्याख्यान आयोजित किए जाते हैं, ताकि लोग संविधान और उसके महत्व के बारे में अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त कर सकें। यह दिन भारत के संविधान को अपनाए जाने की याद में मनाया जाता है। संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को संविधान को अपनाया था और 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया था। देश को आजादी मिलने के बाद संविधान की आवश्यकता जताई गई। संविधान तैयार करने में दो वर्ष, 11 माह और 18 दिन का वक्त लगा। जिसके बाद भारत गणराज्य का संविधान 26 जनवरी 1949 को बनकर तैयार हो गया। हालांकि इसे आधिकारिक तौर पर लागू 26 जनवरी 1950 को किया गया। भारत का संविधान विश्व में सबसे बड़ा संविधान है। इस संविधान के जरिये नागरिकों को प्रजातान्त्रिक अधिकार सौंपे गए। संविधान देश में विधायिका ,कार्यपालिका और न्यायपालिका की व्यवस्था तथा उनके अधिकारों और दायित्वों को सुनिश्चित करता है। सविँधान के जरिये हमने अपने लोकतान्त्रिक अधिकार हासिल किये ,अथार्त समस्त अधिकार जनता में निहित हुए ,इसी दिन हमें अपने मौलिक अधिकार प्राप्त हुए और एक नए लोकतान्त्रिक देश का निर्माण हुआ। भारतीय संविधान का निर्माण एक संविधान सभा द्वारा किया गया। संविधान सभा में 296 सदस्य थे। जिन्होंने एक महीने 18 दिन काम कर संविधान को तैयार किया। हालाँकि इस अवधि में काम केवल 166 घंटे ही हुआ और हमारा संविधान बनकर तैयार हो गया। भारत का संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है। इस में 448 अनुच्छेद, 12 अनुसूचियां और 25 भाग हैं। भारतीय संविधान संघात्मक और एकात्मक दोनों तरह का है। हमारे संविधान में मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का भी जिक्र है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *